मुख्यपृष्ठनए समाचारबरसाती पानी से भरे गड्ढे में समा गईं चार मासूम जिंदगियां ...चार...

बरसाती पानी से भरे गड्ढे में समा गईं चार मासूम जिंदगियां …चार परिवार के चार दुधमुंहे बच्चों की मौत से कोहराम

सामना संवाददाता / प्रयागराज

बरसाती पानी से भरे गड्ढे में समा जाने से चार मासूमों की मौत हो गई। दिल को कंपकंपा देने वाली इस घटना से मेजा के बिदौली गांव में कोहराम मचा हुआ है। चार परिवार के चार दुधमुंहे बच्चों की मौत से ग्रामवासी सदमे में हैं। यूपी में प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में मेजा के बिदौली गांव में हुई इस हृदयविदारक घटना को लेकर हर कोई हैरत में है। खेत में बने गड्ढे में भरे बरसाती पानी में
डूबने से इन चार बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों में गांव के हीरा आदिवासी के बेटे हुनर (5 वर्ष) और वैष्णवी (4 वर्ष), विमल कुमार का बेटा कंधा (5 वर्ष) एवं संजय आदिवासी का बेटा
केसरी (4 वर्ष) शामिल हैं।

मंगलवार शाम चारों मासूम बच्चे गांव में घर के सामने खेल रहे थे। खेलते-खेलते ना जाने कब वे खेत की तरफ पहुंच गए। पता ही नहीं चला। शाम होते ही परिजन चिंतित हो उठे और उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। गांव के लोग हर तरफ बच्चों को तलाशने लगे। किसी का ध्यान खेत में बने गड्ढे की तरफ नहीं गया। बुधवार सुबह गांव से कुछ दूर खेत में स्थित ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे में एक बच्चे का शव उतराया नजर आया। इसके बाद गांव के लोग गड्ढे में उतर गए। एक एक कर चारों के शव उसी गड्ढे में से बरामद हो गए। सूचना मिलते ही मेजा थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय और चौकी प्रभारी अनिल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई
शुरू कर दी है। घटना से चारों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मेजा थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया की पानी मे डूबने से सभी बच्चों की मौत हुई है। फिलहाल इसकी गहराई से जांच की जा रही है। सभी शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है।

अन्य समाचार