रोहित माहेश्वरी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों का ‘संगी-साथीकरण’ छात्रों की पढ़ाई और जीवन पर नकारात्मक असर डाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षा को मजबूत करने के बजाय उसे लगातार कमजोर कर रही है। अखिलेश ने कहा कि विश्वविद्यालयों में राजनीतिक दखल मेधावी छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है और भाजपा को सत्ता से हटाना ही छात्रों के हित में जरूरी है।
‘कुर्मी मारा, सरकार हारा’
फतेहपुर के अजरौली पल्लावां गांव में किसान नेता केशपाल सिंह पटेल की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। सिराथू की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल पुलिस नाकाबंदी तोड़कर बाइक से पीड़ित परिवार तक पहुंचीं और सरकार पर ओबीसी समाज की आवाज दबाने का आरोप लगाया। समाजवादी पार्टी सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा, ‘कुर्मी मारा, सरकार हारा।’ वहीं पूर्व सांसद बालकुमार पटेल का काफिला सीमा पर रोके जाने से कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हुई। पीड़ित परिवार ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
यूपी सरकार और सुरक्षा
वाराणसी गैंगरेप पीड़िता की छह दिन पहले जन्मी बच्ची की मौत के बाद नगिना से सांसद और आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीड़िता को आरोपियों से धमकियां मिल रही हैं, लेकिन सरकार ने सुरक्षा हटा ली। चंद्रशेखर ने पूछा कि अब तक सभी आरोपी गिरफ्तार क्यों नहीं हुए? उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने, पीड़िता को सुरक्षा और आर्थिक मदद देने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की।
बिहार की कमान आकाश आनंद को
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने एलान किया कि पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। मायावती ने चुनावी कमान अपने भतीजे और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सौंपी है। आकाश आनंद बिहार में संगठन और रणनीति को मजबूत करेंगे। मायावती ने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय और गरीबों के हक की लड़ाई को लेकर दमखम से चुनाव मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा।
