सुनील ओसवाल / मुंबई
-गृह विभाग नकारा, गुंडों के हौसले बुलंद
-फायरिंग से दहला इलाका वर्चस्व को लेकर जंग
-एक बुरी तरह घायल चार गुंडे हिरासत में
-रहवासियों ने मांग की है कि इलाके में पनप रही गुंडागर्दी की जड़ों तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि -भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कल्याण में देर रात दो गैंगों के बीच पुरानी दुश्मनी ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि इलाके में गोलियां चल गईं। आत्मानगर इलाके में मिड नाइट में हुए इस सनसनीखेज फायरिंग कांड में राहुल वर्मा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत पैâल गई, जबकि पुलिस ने चार आरोपियों को दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक, आत्मानगर में ‘बिंदू’ और ‘प्रेम गुंडा’ गैंग सक्रिय हैं। दोनों के बीच पिछले कई महीनों से वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार झड़प, मारपीट और धमकाने की घटनाएं हो चुकी थीं। स्थानीय लोग लंबे समय से इस गैंगवॉर जैसी स्थिति से परेशान थे। रात करीब ११:४५ बजे दोनों गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ ३ से ४ राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां चलते ही इलाके में भगदड़ मच गई।
४ संदिग्ध हिरासत में
फायरिंग में राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी अतुल झेंडे और एसीपी अशोक होनमाने समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोलशेवाडी पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।
कहां से आए हथियार?
इस फायरिंग ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर इन युवकों तक हथियार पहुंच कहां से रहे हैं? अवैध हथियारों की सप्लाई कौन कर रहा है? और इलाके में गुंडागर्दी के पीछे किसका संरक्षण है? इन सवालों को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की पड़ताल के साथ फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
