मुख्यपृष्ठअपराधयुवती को बाइक से घसीटा...हालत गंभीर

युवती को बाइक से घसीटा…हालत गंभीर

राजेश सरकार / प्रयागराज

कुंभ नगरी प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मंच पर तेजी से वायरल हुआ है। वीडियो क्लिप में शादी टूटने से नाराज युवक ने अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान विवाद हुआ तो उसे जमकर पीटा। युवती ने जब विरोध किया तो युवक ने उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। जब युवती ने बाइक पर बैठने से मना किया तो उसने युवती के गले में लिपटा दुपट्टा पकड़ लिया और बाइक स्टार्ट कर उसे काफी दूर तक घसीटता रहा। इस दौरान युवती के कपड़े कई जगह से फट गए। अर्धनग्न अवस्था में युवती की चीख सुनकर उसे बचाने दौड़े ग्रामीणों को देख युवक और उसका साथी बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। घायल युवती को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवती सोरांव के नूरपुर गांव की रहने वाली है। जबकि आरोपी अंकित मऊआइमा का निवासी है। दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे। परिवार के दबाव में शादी भी तय हो गई थी, लेकिन करीब तीन महीने पहले रिश्ता टूट गया। तभी से दोनों के बीच दूरी बढ़ती जा रही थी। बुधवार रात अंकित ने युवती को नूरपुर बाग के पास बुलाया। जहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान अंकित ने उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया और जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया। उसका दोस्त रंजीत बाइक चला रहा था और अंकित पीछे बैठा था। पीछे से उसने युवती के दुपट्टे को खींच लिया और घसीटना शुरू कर दिया। सोरांव थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि युवती गंभीर हालत में मिली थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी अंकित और उसके साथी रंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

अन्य समाचार