नई दिल्ली। देश में विरोध प्रदर्शनों और पुलिस की नाकेबंदी को लेकर अब एक अनोखा ऑनलाइन गेम चर्चा में है। २७ वर्षीय आईटी पेशेवर सूरज कुशवाह ने ‘जंतर-मंतर चलो’ नामक मल्टीप्लेयर गेम बनाया है। इसमें खिलाड़ी प्रदर्शनकारी बनकर पुलिस की नाकेबंदी पार करते हुए जंतर-मंतर पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं। दिलचस्प यह है कि खिलाड़ी पुलिस की भूमिका भी चुन सकते हैं और प्रदर्शनकारियों को रोक सकते हैं। गेम में लाठी, आंसू गैस और बैरिकेड जैसे तत्व शामिल हैं। निर्माता ने इसे राजनीतिक व्यंग्य का माध्यम बनाया है। रोजगार, परीक्षा और मतदाता सूची से जुड़े विवादों की पृष्ठभूमि में यह गेम युवाओं के बीच चर्चा में आया है। यानी अब आंदोलन केवल सड़क पर नहीं, मोबाइल और कंप्यूटर की स्क्रीन पर भी खेला जा रहा है।
