-फाफामऊ में पुलिसकर्मी की मौत से मचा हड़कंप
-आत्महत्या की आशंका; सोमवार रात के घटनाक्रम की जांच में जुटी पुलिस
राजेश सरकार / प्रयागराज
फाफामऊ के जैतवारडीह में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल बलराम पाल (51) अपने कमरे में मृत पाए गए। करीब एक माह से छुट्टी पर चल रहे बलराम पाल की वर्तमान तैनाती फतेहपुर के खागा में थी। सोमवार शाम वह ड्यूटी पर लौटने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात करीब 11 बजे अचानक वापस घर लौट आए। इसके बाद वह बिना किसी से बातचीत किए सीधे अपने कमरे में चले गए। सुबह परिजनों ने कमरे में उनका शव देखा तो घर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। परिजनों के मुताबिक, बलराम पाल ने आत्महत्या की है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बलराम पाल अपने परिवार के साथ जैतवारडीह में मकान बनाकर रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर से निकलने और लौटने के बीच क्या हुआ?
पुलिस की जांच में सोमवार शाम करीब छह बजे घर से निकलने और रात करीब 11 बजे वापस लौटने के बीच का घटनाक्रम अहम माना जा रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बलराम पाल कहां गए थे और वापस लौटने के बाद उनके व्यवहार में कोई बदलाव था या नहीं।
थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्थिति और कारण अधिक स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
