टी२० मुंबई २०२६ के फाइनल में वानखेड़े स्टेडियम पर क्रिकेट के साथ-साथ हाई-वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। आर्क्स अंधेरी और मराठा रॉयल्स के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में दूसरी पारी के १९वें ओवर के दौरान अंधेरी के बल्लेबाज गौरव जठार और मराठा रॉयल्स के खिलाड़ी रोहन राजे के बीच तीखी बहस हो गई। १९वें ओवर की दूसरी गेंद पर जठार ने छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर इरफान उमैर ने उन्हें आउट कर दिया। पवेलियन लौटते समय उनकी रोहन राजे से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। चौथे अंपायर ने दोनों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन बहस फिर बढ़ गई। आखिरकार दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। मैच में मराठा रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ५ विकेट पर १५४ रन बनाए, जिसमें चिन्मय राजेश सुतार ने ६१ रन की अहम पारी खेली। जवाब में आर्क्स अंधेरी ८ विकेट पर १४६ रन ही बना सकी और मराठा रॉयल्स ने ८ रन से खिताब जीत लिया। अर्जुन तेंदुलकर ने १२ गेंदों में केवल २ रन बनाए।
