झारखंड के गढ़वा जिले में हॉरर ऑनर किलिंग यानी झूठी शान की खातिर हत्या के एक मामले का खुलासा हुआ है, जहां एक शख्स ने अपनी अविवाहित नाबालिग बेटी और उसके एक दिन के नवजात शिशु की हत्या कर दी। यहां के मेराल थाना क्षेत्र के औरैया गांव के निवासी अनिल चौधरी ने अपनी अविवाहित नाबालिग बेटी और उसके जन्मे नवजात बच्चे की निर्मम हत्या कर दी और शव को नदी किनारे गाड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से दोनों शव निकालकर गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मेराल थाना क्षेत्र के ओरैया गांव में हुई। मृतका की पहचान राधिका कुमारी (१७) और उसके एक दिन के बच्चे के रूप में हुई है। मेराल पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी विष्णुकांत ने कहा, ‘यह झूठी शान के लिए हत्या का मामला है। आरोपी पिता की पहचान अनिल चौधरी (४५) के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है।’ अधिकारी ने बताया कि ५ अक्टूबर को मृतका का पति पुलिस के पास पहुंचा और बताया कि उसकी नाबालिग पत्नी, बच्चे समेत लापता है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, ‘शिकायत मिलने पर हमने उनकी तलाश शुरू की और पूछताछ के लिए उसके पिता को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उनकी बेटी राधिका का पलामू जिले के एक शख्स के साथ प्रेम संबंध था।
मृतका के प्रेमी ने दर्ज कराई थी शिकायत
अधिकारी ने बताया कि करीब चार-पांच महीने पहले मृतका के पति को बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत जेल भेज दिया गया था, लेकिन बाद में उसे रिहा कर दिया गया। दो अक्टूबर को पीड़िता ने गढ़वा के सदर अस्पताल में अपने बच्चे को जन्म दिया और बाद में दोनों लापता हो गए, जिसकी सूचना ५ अक्टूबर को हमें मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हमें सोमवार को मृतका के पति से इस संबंध में शिकायत मिली थी, जिसमें उसने युवती के पिता पर ही दोनों की हत्या करने का शक जताया था।
