-सपकाल का सनसनीखेज हमला, करोड़ों के दांव के पैसे पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता/ मुंबई
महाराष्ट्र में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव प्रचार के बीच सत्तारूढ़ महायुति सरकार और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राजस्व मंत्री और अमरावती के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी संपत्ति की जांच कराने की चुनौती दी है। सपकाल ने सवाल उठाया कि विदेशों में कथित तौर पर करोड़ों रुपए के दांव लगाने के लिए पैसा कहां से आता है? उनके इस बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है। सपकाल ने तीखे शब्दों में हमला करते हुए कहा कि बावनकुले साहब की संपत्ति की जांच हुई तो उनको विदेश भागने की नौबत आ जाएगी। बावनकुले विदेशों में क्लबों में जाकर कथित तौर पर सूटकेस भरकर करोड़ों रुपए लगाने के आरोपों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर यह पैसा कहां से आया? ऐसा सवाल सपकाल ने पूछा हैं। दरअसल, विधान परिषद शिक्षक कोटे के चुनाव प्रचार के दौरान बावनकुले ने कहा था कि शिक्षकों को धमकी देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया जाएगा। बावनकुले की इसी चेतावनी पर पलटवार करते हुए सपकाल ने उन्हें अपनी संपत्ति की जांच कराने की चुनौती दी। शिक्षक कोटे के चुनाव प्रचार के लिए अमरावती पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बावनकुले के बयान को लेकर सीधे उन पर निशाना साधा। उनके हमले ने चुनावी माहौल में राजनीतिक टकराव को और तीखा कर दिया है।
