मुख्यपृष्ठसमाचारप्रेमिका संग प्लान बनाया, दोस्त के साथ मिलकर ताऊ और दो चाचियों...

प्रेमिका संग प्लान बनाया, दोस्त के साथ मिलकर ताऊ और दो चाचियों को मौत की नींद सुलाया

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस जघन्य वारदात में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65), अमरावती (58) और इंद्रावती (55) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने पहले ही संभावित खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब इसी लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घर में घुसकर दौड़ा-दौड़ाकर की गई हत्या
हत्यारों ने घर में मौजूद लोगों पर लोहे की रॉड या किसी भारी वस्तु से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। वारदात की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खून से लथपथ शव घर के आहाते से लेकर बाहर लगे हैंडपंप तक पड़े मिले। पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में चार लोग मौजूद थे, जिनमें एक बुजुर्ग महिला सुरक्षित मिलीं। उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा खौफनाक मंजर
मंगलवार तड़के ग्रामीण जब घरों से बाहर निकले, तो श्यामलाल के घर के सामने दो महिलाओं के शव पड़े दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर अमरावती और इंद्रावती मृत अवस्था में मिलीं। वहीं, कुछ दूरी पर श्यामलाल का शव भी खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस, एसओजी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खोजी कुत्ता एक संदिग्ध युवक के घर तक पहुंचकर रुक गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट भी एकत्र किए हैं।
प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर बढ़ा था तनाव
जांच में सामने आया है कि परिवार की युवती प्रिया उर्फ नेहा का गांव के ही हिमांशु यादव नामक युवक से संपर्क था, जिसका परिवार विरोध करता था। फरवरी में दोनों के घर से चले जाने के बाद विवाद और गहरा गया था। बाद में युवती को उसके मामा के घर भेज दिया गया था, जहां वह पिछले चार महीनों से रह रही थी। इसी विवाद को लेकर परिवार और आरोपी पक्ष के बीच तनाव बना हुआ था।
शिकायतें हुईं, लेकिन कार्रवाई नहीं
परिजनों का आरोप है कि संदिग्ध युवक द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं। इसकी शिकायत स्थानीय चौकी में तहरीर देकर और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी की गई थी। बावजूद इसके, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने शिकायत पर यह टिप्पणी दर्ज कर दी कि आवेदक से संपर्क नहीं हो पा रहा है। यदि शिकायतों को गंभीरता से लेकर समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो संभवतः तीन लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
लापरवाही उजागर होते ही दरोगा निलंबित
मामले की जांच के दौरान चौकी स्तर पर बरती गई लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित चौकी प्रभारी रामविलास को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि पुलिस महकमा भी प्रारंभिक स्तर पर हुई चूक को स्वीकार कर रहा है।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
डीसीपी यमुनापार के अनुसार, तीनों मृतकों के सिर पर किसी भारी ब्लंट ऑब्जेक्ट से वार किया गया है। पड़ोस के युवक हिमांशु यादव पर घटना में शामिल होने का संदेह है। घटना के बाद से वह घर से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। घटनास्थल से एक चप्पल भी बरामद हुई है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।
बड़ा सवाल
कुकुरकटवा का यह तिहरा हत्याकांड केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि शिकायतों को अनदेखा करने की कीमत का भी उदाहरण बनकर सामने आया है। अब सवाल यह है कि यदि धमकियों की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई हुई होती, तो क्या तीन निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती थी?

खबर अपडेट
जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मेजा थाना क्षेत्र में प्रेमिका के साथ योजना बनाकर प्रेमी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। हत्यारे प्रेमी और उसके दोस्त ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से गर्लफ्रेंड के ताऊ और दो चाचियों को दौड़ा-दौड़ाकर मार डाला। खून से लथपथ शव घर के अहाते से लेकर बाहर तक पड़े मिले।
वारदात के समय घर में चार लोग मौजूद थे। एक 60 वर्षीय महिला भी घर में थीं, लेकिन वह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड का ताऊ और दोनों चाचियां उनके प्रेम संबंध का विरोध करती थीं। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद उन्होंने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
वारदात मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुई। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को तिहरे हत्याकांड की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65) और उनके दो भाइयों की पत्नियां अमरावती (58) व इंद्रावती (55) मृत मिली थीं।
*चंद घंटों में पकड़ लिए गए दोनों हत्यारे
पुलिस ने तिहरे हत्याकांड के नौ घंटे बाद मुख्य आरोपी हिमांशु यादव और उसके साथी गौतम को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने साथी के साथ कोर्ट में आत्मसमर्पण करने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि वह नेहा से प्यार करता है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन नेहा के ताऊ और दोनों चाचियां इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। उनकी वजह से ही नेहा उससे दूर हो गई थी। नेहा को चार महीने पहले उसके मामा के घर भेज दिया गया था।
हिमांशु ने बताया कि उसने उन लोगों से कई बार बात की, समझाया और मनाने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं माने। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया।

 

अन्य समाचार

इन दिनों