-नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में भाजपा नगरसेविका का भाई गिरफ्तार
-नारी शक्ति वंदन और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा कागजों तक सीमित
-सत्ता से जुड़े कुछ राक्षसों से ही है महिलाओं को खतरा
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर शहर में महिलाओं और बालकों के कल्याण की जिम्मेदारी जिन भाजपा नेताओं के कंधों पर है उन्हीं के सगे संबंधियों द्वारा अपने रसूक के बल पर किस तरह मासूमों का शोषण और उन पर लैंगिक अत्याचार करते हैं उसका एक अत्यंत घृणित और शर्मसार कर देनेवाला मामला सामने आया है। मीरा-भायंदर महानगरपालिका में पेंकरपाड़ा इलाके की भाजपा नगरसेविका और महिला एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पद पर विराजमान-अनीता पाटील के ५० वर्षीय भाई के खिलाफ काशीमीरा पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न, अपहरण और मारपीट के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, २०१२ यानी पॉक्सो (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन प्रâॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित को गुमराह करके नजदीकियां बढ़ार्इं और दहिसर में मिलने को बुलाया। आरोपी ने पीड़िता को अपनी कार में बिठाया और जबरन गोराई स्थित एक लॉज में ले जाकर न सिर्फ उसे यौन शोषण का शिकार बनाया बल्कि चुप रहने की धमकी देते हुए बुरी तरह से मारपीट की। आरोपी पर पीड़िता की मां को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। धमकियों और अत्याचार से तंग आकर आखिरकार पीड़िता और उसकी मां ने हिम्मत जुटाई और काशीमीरा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को न्यायालय ने आरोपी को १० तारीख तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिये हैं। इस पूरे मामले से अनजान होने का दावा करते हुए अनीता पाटील ने कहा कि अगर ऐसा घिनौना अपराध हुआ है तो आरोपी जो कोई भी हो उसे कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि अनीता पाटील के परिवार से जुड़े लोगों का यह पहला काला कारनामा नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस से पहले आरोपी के खिलाफ बिजली चुराने का अपराध दर्ज है और एक स्थानीय पत्रकार पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार भी हो चुका है। इसके अलावा हाल ही में अनीता पाटील के दामाद का एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ था जिसमें वो आपसी विवाद के चलते एक नागरिक के घर में घुसकर जबरदस्ती उसका मुंडन (सिर गंजा) कर दिया।
पहले भाजपा नगरसेवक और अब नगरसेविका का भाई
इस घटना ने नारी शक्ति वंदन का ढोंग करने वाली भाजपा का असली चेहरा फिर एक बार बेनकाब कर दिया है। ज्ञात हो कि मीरा-भायंदर मनपा में वार्ड क्रमांक १२ से ६० वर्षीय भाजपा नगरसेवक के खिलाफ पिछले महीने मीरा रोड पुलिस स्टेशन में ४० वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता का बलात्कार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इन घटनाओं के कारण शहर के नागरिकों के बीच भाजपा के खिलाफ भारी रोष पैदा कर दिया है और अनीता पाटील तथा जंगम के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। अब देखना होगा कि अपने आप को देश की सबसे बड़ी और पार्टी विथ डिफरेंस बताने वाली भाजपा के वरिष्ठ नेता आरोपों से कलंकित पदाधिकारिययों और उनके रिश्तेदारों पर अनुशासनात्मक कार्यवायी करते हैं या फिर हमेशा की तरह उनके पाप धोने हेतु वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल होता है।
