मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी में चार की जगह 24 सवारियां ढो कर ई-रिक्शा को बना...

यूपी में चार की जगह 24 सवारियां ढो कर ई-रिक्शा को बना दिया ‘मिनी बस!

 -हादसे के इंतजार में जाग नहीं रहे हुक्मरान!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

पहले हादसा फिर विलाप यह सरकारों की प्रवृत्ति बन गयी है। ताजा मामला लखीमपुर खीरी का है।जहां निघासन-ढखेरवा मार्ग पर बुधवार को क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठा कर फर्राटा भरते ई-रिक्शा का वीडियो वायरल हुआ। ई-रिक्शा में करीब 24 लोग सवार थे। दस लोग छत पर बैठे थे, चालक की सीट पर चालक समेत तीन लोग बैठे नजर आए, जबकि पीछे डाले पर करीब चार लोग बैठे और दो खड़े थे। ई-रिक्शा के अंदर भी करीब आठ से दस सवारियां बैठी थीं। वहां से गुजर रहे कार सवार ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-रिक्शा ढखेरवा चौराहा से निघासन की ओर जा रहा था। मुख्य मार्ग पर इस तरह क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चल रहे ई-रिक्शा से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निघासन क्षेत्र के साथ जिले के अन्य मार्गों पर भी कई ई-रिक्शा चालक निर्धारित क्षमता और यातायात नियमों की अनदेखी कर सवारियां ढो रहे हैं। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से चालक बेखौफ हैं। लोगों ने परिवहन विभाग से अभियान चलाकर ई-रिक्शा की जांच और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।सीओ शिवम कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलने वाले ई-रिक्शा की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार