मुख्यपृष्ठसमाचारराष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सीयूएसबी में पोस्टर निर्माण एवं...

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सीयूएसबी में पोस्टर निर्माण एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश की राजधानी पटना से एक सौ किलोमीटर की दूरी स्थित गया जी जिले के टिकारी -गया मुख्य मार्ग पर दरियापुर -पंचानपुर के समीप दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमेटी द्वारा टीम स्माइल के सहयोग से पोस्टर निर्माण एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, रचनात्मकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना तथा खेलों के महत्व के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। कुलपति प्रो. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘फिट युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।’ उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्यों, टीम स्माइल के सदस्यों, प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं।इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी)
के जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि मालवीय भवन के योगा हॉल में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत: फिट यूथ, रेजिलिएंट नेशन’ विषय पर आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के 23 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक विचारों को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खेल, खिलाड़ियों तथा भारत की खेल उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का संचालन अनुशासित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया गया। प्रतियोगिताओं के सफल एवं निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से डॉ. गौरव सिंह, प्रो. चेतना जायसवाल, डॉ. पिंटू लाल मंडल, श्रीमती रेनू, डॉ. पंकज कुमार रॉय तथा डॉ. समीहा भारती, सहित संकाय सदस्यों की सहभागिता रही।इस अवसर पर प्रो. प्रवीण कुमार, अध्यक्ष, गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमिटी तथा प्रो. प्रणव कुमार, प्रॉक्टर, सीयूएसबी ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया और प्रतिभागियों एवं आयोजन टीम से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक, शारीरिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी साधन हैं। इन कार्यक्रमों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के संदेश ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ को विद्यार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अन्य समाचार