अनिल मिश्रा / रांची
झारखंड प्रदेश के सभी थानों में CCTV कैमरे लगाने के कैबिनेट फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार का यह निर्णय जनता के अधिकारों, पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह उक्त बातें झारखंड प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता, झारखंड कांग्रेस के विजय शंकर नायक ने कहीं। इस बीच उन्होंने कहा कि थाना आम आदमी के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला संस्थागत केंद्र है। थाने के प्रवेश द्वार, रिसेप्शन, पूछताछ कक्ष, हवालात, मालखाना, पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर CCTV की प्रभावी व्यवस्था होने से पुलिसकर्मियों और आम नागरिक-दोनों के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा होगी। इससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी घटना की स्थिति में वास्तविक तथ्यों की निष्पक्ष जांच में मदद मिलेगी। विजय शंकर नायक ने कहा कि CCTV कैमरा लगाना केवल कैमरा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, नियमित निगरानी और जवाबदेही की स्पष्ट व्यवस्था भी होनी चाहिए। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि CCTV फुटेज के लिए पर्याप्त स्टोरेज अवधि निर्धारित की जाए तथा रिकॉर्ड से छेड़छाड़ रोकने के लिए सुरक्षित डिजिटल बैकअप और ऑडिट व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि थानों में CCTV के साथ-साथ जनता के लिए Citizen Facilitation Desk, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक सहायता काउंटर और शिकायत की ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जाना चाहिए। थाने में शिकायत लेकर आने वाले नागरिक को उसकी शिकायत/आवेदन की प्राप्ति रसीद और शिकायत की स्थिति जानने की सुविधा मिलनी चाहिए। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस सुधार का अर्थ केवल कानून-व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार, समयबद्ध शिकायत निवारण और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। इसलिए सरकार को सभी थानों में महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, साइबर अपराध सहायता डेस्क, बच्चों एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित शिकायत व्यवस्था तथा दिव्यांग और बुजुर्ग नागरिकों के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि CCTV व्यवस्था का उपयोग पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना आम जनता की सुरक्षा के लिए। झूठे आरोपों और गलतफहमियों की स्थिति में CCTV फुटेज पुलिसकर्मियों के लिए भी तथ्यात्मक सुरक्षा कवच का काम करेगा।
विजय शंकर नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार द्वारा जनता से जुड़े विषयों पर लिए जा रहे निर्णय यह संदेश देते हैं कि शासन का केंद्र जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनता के हित में होने वाले ऐसे कदमों का स्वागत करती है और सरकार से अपेक्षा करती है कि इन फैसलों का जमीनी स्तर पर प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि CCTV परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शी खरीद प्रक्रिया, नियमित रख-रखाव और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि यह योजना केवल सरकारी घोषणा बनकर न रह जाए, बल्कि हर थाना आने वाले नागरिक को वास्तविक सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया जा सकता है।
