मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिहाईटेक जिमखाना भवन का उद्घाटन २२ को ...शिवाजी पार्क जिमखाना नई चमक,...

हाईटेक जिमखाना भवन का उद्घाटन २२ को …शिवाजी पार्क जिमखाना नई चमक, नए अंदाज में लौटेगा

सामना संवाददाता / मुंबई
दीर्घ प्रतीक्षा और डेढ़ साल के पुनर्निर्माण के बाद ऐतिहासिक शिवाजी पार्क जिमखाना अब एकदम नए रंग-रूप और आधुनिक सुविधाओं के साथ वापस लौट रहा है। २२ सितंबर, घटस्थापना की संध्या पर, इस हाईटेक जिमखाना भवन का भव्य उद्घाटन होगा।

१९०९ में `दादर हिंदू जिमखाना’ के नाम से शुरू हुई इस संस्था ने स्वतंत्रता आंदोलन, संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन से लेकर अनगिनत राजनीतिक और सामाजिक घटनाओं का गवाह बनते हुए खेलों की दुनिया में भी अपना अमिट योगदान दिया है। विजय मांजरेकर, अजीत वाडेकर, संदीप पाटील जैसे दिग्गजों से लेकर भारतरत्न सचिन तेंडुलकर तक की क्रिकेट यात्रा इस मैदान और जिमखाना से जुड़ी रही है।
११६ वर्ष पुराना यह जिमखाना अब शताब्दी के बाद अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। पुनर्निर्माण के बाद यहां डिजिटल प्रवेश प्रणाली, अत्याधुनिक जिम, स्मार्ट सेफ्टी मॉनिटरिंग, नए खेलों का इन्प्रâास्ट्रक्चर और आकर्षक इंटीरियर तैयार किया गया है। इससे न केवल क्रिकेटप्रेमियों बल्कि हर सदस्य को एक नया अनुभव मिलने वाला है।

जिमखाना प्रबंधन का कहना है कि इस आधुनिक रूपांतरण से यह स्थान न केवल खेल प्रेमियों के लिए बल्कि कला, साहित्य और राजनीति जगत के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारे, वर्तमान और पूर्व खिलाड़ी, साहित्यकार और राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहेंगी। जिमखाने के सचिव संजीव खानोलकर ने कहा कि यह सिर्फ पुनर्बांधणी नहीं, बल्कि परंपरा और आधुनिकता का संगम है। हमें गर्व है कि शिवाजी पार्क जिमखाना अब नई पीढ़ी की अपेक्षाओं के अनुरूप और भी भव्य रूप में सामने आ रहा है।

अन्य समाचार

सीप