मुख्यपृष्ठनए समाचारकई जिलों में महिलाओं के साथ अभद्रता ... बिहार बंद में भाजपाइयों...

कई जिलों में महिलाओं के साथ अभद्रता … बिहार बंद में भाजपाइयों की गुंडई! …‘हमें हल्के में न लें गुजराती’, भड़के लालू प्रसाद

सामना संवाददाता / पटना
कल एनडीए ने आधे दिन का बिहार बंद बुलाया था। बंद के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों से भाजपा कार्यकर्ताओं की गुंडई की खबरें सामने आईं। कई जिलों से गुंडों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता करने की खबरें आईं। इसको लेकर आरजेडी चीफ लालू प्रसाद ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने राज्य में विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्य चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए। इसके खिलाफ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के जरिए महागठबंधन ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप लगाया। इस दौरान दरभंगा में आयोजित महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कथित तौर पर एक युवक द्वारा पीएम मोदी को मां की गाली देने का आरोप लगा। वोटर अधिकार यात्रा के समाप्त होने के बाद भाजपा ने इसको लेकर बिहार बंद करने का एलान किया था। भाजपा के बिहार बंद को एनडीए में शामिल तमाम दलों ने अपना समर्थन दिया और गुरुवार को सुबह सात बजे से ही सड़कों पर उतर गए। इस दौरान राज्य के कई जिलों में महिलाओं और आम लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा अभद्रता की खबरें सामने आईं।

शर्मनाक!
आरजेडी चीफ लालू प्रसाद ने इसको लेकर तीखा हमला बोला, लालू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में न लें? यह बिहार है। भाजपा के गुंडे-मवाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे हैं, उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे है? क्या यह उचित है? शर्मनाक!

‘भाजपा का बिहार बंद फ्लॉप’
पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दावा किया कि भाजपा का बिहार बंद विफल रहा है। मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, ‘भाजपा और एनडीए द्वारा बुलाया गया बिहार बंद पूरी तरह से फ्लॉप रहा। भाजपा और एनडीए को एक भी आम आदमी का समर्थन नहीं मिला, उल्टा भाजपा के लोगों ने सड़कों पर गुंडागर्दी की। महिलाओं और शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, एम्बुलेंसें रोकी गईं, इतना ही नहीं, आम नागरिकों को जबरन परेशान किया गया।’

अन्य समाचार

आहट