-मोना अग्रवाल ने रचा नया रिकॉर्ड
एशियन पैरा गेम्स २०२६ में भारतीय महिला निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की १० मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-१ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं, भारत की स्टार निशानेबाज अवनी लेखरा ने रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से भारत ने प्रतियोगिता में पदकों का खाता भी खोला। ३८ वर्षीय मोना ने फाइनल में २५० अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी अवनी को महज ०.४ अंक के अंतर से पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। अवनी ने २४९.६ अंक जुटाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि दक्षिण कोरिया की ली यूनरी २२७.९ अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। मोना की यह सफलता संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत की मिसाल है। बचपन में पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। दूसरी ओर, अवनी भी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में भारत का नाम रोशन करती रही हैं।
