मुख्यपृष्ठअपराधदेह व्यापार के अनैतिक धंधे से कलंकित हो रही औद्योगिक नगरी

देह व्यापार के अनैतिक धंधे से कलंकित हो रही औद्योगिक नगरी

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी का नैनी क्षेत्र पहले विश्वस्तरीय कल-कारखानों से पहचाना जाता रहा, लेकिन अब जमीन के विवादों और अनैतिक धंधे इसकी पहचान बनते जा रहे हैं। वर्ल्ड क्लास के मसाज पार्लर और रेडीमेड गारमेंट के बड़े शोरूम यहां तेजी से स्थापित हुए हैं। इनके बीच देह-व्यापार के अवैध कारोबार भी पनप चुके हैं। गुजरे शनिवार को क्षेत्र के एडीए कॉलोनी में पकड़े गए सेक्स रैकेट से इसका चौंकाने वाला खुलासा हुआ। देह व्यापार के जाल में अपनी इच्छा और अनिच्छा से लिप्त महिलाएं व लड़कियों के बयान से यह भी पता चला है कि लक्जरी लाइफ जीने की चाहत ने उनको इस धंधे ने अपनी ओर खींचा। ओयो के लेबल वाले कई बड़े होटलों समेत अन्य कई होटलों में यह अनैतिक कारोबार वर्तमान में जोर पकड़ रहा है। इसमें होटल संचालकों, इलाकाई पुलिस एवं सफेदपोशों की मिलीभगत भी बताई जा रही है। धनपशुओं और बिगड़े रईसजादे ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए इन होटलों में विशेष आफर तक दिए जा रहे हैं। कई होटलों में प्रेमी–प्रेमिकाओं के लिए अलग से विशेष कमरे बनाए गए हैं। वहीं डार्करूम की व्यवस्था भी की गई है। सूत्रों के मुताबिक, इन होटलों में कालेजों के युवक-युवतियों की बड़ी संख्या में आमद होती है। यहां प्रेमी जोड़े समय बिताने आते हैं। साथ में देह व्यापार के जरिए मोटी कमाई भी की जाती है। क्षेत्र में कई ऐसे होटल हैं, जो सिर्फ इसी कारोबार के दम पर चल रहे हैं।

स्पेशल गेस्ट होते हैं कमाई का जरिया
एक होटल संचालक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर स्वीकार किया कि होटल का खर्चा रूम सर्विस से नहीं बल्कि स्पेशल गेस्ट से निकलता है। पूर्व में नैनी के ही एक प्रतिष्ठित होटल का मामला खूब सुर्खियों में आया था, जहां देह व्यापार के नाम पर दूरदराज से लड़कियों का आना जाना होता था। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी, परंतु कार्रवाई के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
बता दें कि पिछले सप्ताह नैनी थाना क्षेत्र के एडीए कॉलोनी में एक आलीशान बंगला में चल रहे देह व्यापार के धंधे का लोगों के विरोध पर पुलिस को खुलासा करना पड़ा। बंगले से छः लोग पकड़े गए थे। सेक्स रैकेट चलाने में दो महिलाओं समेत छह लोगों को जेल भेजा गया था। मसाज पॉर्लर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने दो महिलाओं और चार पुरुषों को गिरफ्तार किया। उनके पास से छह मोबाइल और 6,640 रुपए नकद बरामद हुए। नैनी की एडीए कॉलोनी बी ब्लॉक स्थित एक आलीशान मकान में मसाज पॉर्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। स्थानीय लोगों के हंगामे के बाद पुलिस ने दबिश देकर दो महिला और चार पुरुष को पकड़ा। आरोपियों के पास से छह मोबाइल व 6,640 रुपये नकदी बरामद की गई। सेक्स रैकेट मकान तक ही सीमित नहीं है बल्कि उसकी जड़ें दूर तक फैली है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, एडीए पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर चल रहे इस हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट की जानकारी कई बार पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। हाइप्रोफाइल देह व्यापार वाले मकान पर छापेमारी से क्यों अनभिज्ञ थी। नाम नहीं छापने की शर्त पर स्थानीय एक व्यक्ति ने बताया कि मुख्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसने यहां तक बताया कि उक्त मकान में चल रहे इस धंधे में संलिप्त व्यक्ति शहर के रामबाग स्थित एक होटल का कर्मचारी है। उक्त होटल अब बंद है। नैनी और औद्योगिक क्षेत्र थाने के कई होटलों में इस गैंग का आना-जाना है। लेकिन पुलिस अभी तक इन होटलों पर छापा नहीं मारने गई है। पुलिस गंभीरता से इस धंधे पर रोक नहीं लगाती है तो कितने युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब जाएगा।

अन्य समाचार