सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस इनरव्हील क्लब की महिला पदाधिकारियों की टोली जनसेवा के लिये उतरी। सुल्तानपुर शहर के पर्यावरण पार्क को साफ सुथरा बनाए रखने की खातिर आमजनों के ध्यानाकर्षण के लिये जगह-जगह डस्टबिन लगाए। इसके बाद सुल्तानपुर मेडिकल कालेज की मातृत्व विंग में नवजात बच्चों व प्रसूता माताओं का हाल जाना।
ज़िलाध्यक्ष प्रिया नारायण के नेतृत्व में विविध सामाजिक कार्यों के जरिये इनरव्हील क्लब ने नवरात्र पर्व पर रचनाशीलता की मिसाल पेश की। मेडिकल कालेज में नवजात शिशुओं प्रसूता माताओं को कपड़े एवं फलवितरण किये गए। इस पहल ने परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और मातृत्व देखभाल के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाया। पर्यावरण पार्क में डस्टबिन स्थापित कर लोगों को संदेश दिया गया कि कचरे को एक ही स्थान पर डालें और पर्यावरण स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए कपड़े के थैले भी वितरित किए गए,ताकि लोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरित हों। साथ ही, कन्या शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिये क्लब द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं। जिससे वे आसानी से विद्यालय आ-जा सकें और अपनी पढ़ाई बिना बाधा के जारी रख सकें। इस कार्यक्रम मे इनरव्हील क्लब की इकाई अध्यक्ष इंदु शर्मा,सचिव दीप्ति मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष नूपुर समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
