मुख्यपृष्ठनए समाचारकोल्हापुर के हॉस्टल में मासूमों के साथ दरिंदगी! ...सीनियर छात्रों ने जूनियर...

कोल्हापुर के हॉस्टल में मासूमों के साथ दरिंदगी! …सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को बेरहमी से पीटा

सामना संवाददाता / मुंबई
वैसे तो रैंगिंग एक दंडनीय अपराध है, लेकिन महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से रैंगिंग का एक हैरान कर देनेवाला मामला सामने आया है, जहां तलसांडे स्थित शामराव पाटील कॉलेज के हॉस्टल में मासूमों के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें सीनियर छात्र जूनियर छात्रों की बेल्ट, बैट और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो को देखने के बाद इस क्रूर व्यवहार को देख जहां लोग आक्रोशित हैं, वहीं इस मामले में पुलिस व प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग लोग कर रहे हैं।
वीडियो में दिखी हैवानियत
वायरल हो रहे वीडियो में एक बच्चा बेल्ट लगने के बाद दर्द से चीखता हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना हॉस्टल के अंदर हुई, जहां सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को बुरी तरह पीटा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह अमानवीय व्यवहार कई दिनों से जारी था, लेकिन किसी ने डर के कारण आवाज नहीं उठाई। वीडियो वायरल होने के बाद वडगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
अभिभावकों का फूटा गुस्सा
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा हॉस्टल प्रशासन की लापरवाही पर खूब फूटा है। लोगों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने समय रहते कोई कदम क्यों नहीं उठाया। नाराज अभिभावकों ने हॉस्टल जाकर न केवल बच्चों की सुरक्षा की जानकारी ली, बल्कि दोषियों को तुरंत हिरासत में लेने की मांग की है। इस घटना पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के जरिए इस अमानवीय घटना की उच्चस्तरीय जांच और स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की गई है।

 

अन्य समाचार