मुख्यपृष्ठनए समाचारसीयूएसबी में 'विद्यार्थी जीवन एवं समाज में इसकी समन्वित भूमिका विषय पर...

सीयूएसबी में ‘विद्यार्थी जीवन एवं समाज में इसकी समन्वित भूमिका विषय पर प्रेरणात्मक सत्र का आयोजन

अनिल मिश्र / पटना

दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग एवं छात्र परामर्श एवं कल्याण केंद्र द्वारा पंच प्रण प्रकोष्ठ के सहयोग से ‘विद्यार्थी जीवन एवं समाज में इसकी समन्वित भूमिका’ विषय पर एक प्रेरणात्मक एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यार्थी जीवन के व्यापक उद्देश्यों तथा व्यक्तिगत विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, शोधार्थी, विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं सीयूएसबी समुदाय के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में श्री मिशेल साइमन, प्रेरक वक्ता एवं मोटिवेटर, ब्रह्माकुमारीज वर्ल्ड स्पिरिचुअल यूनिवर्सिटी एवं दीदी सुनीता, ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ प्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने प्रेरणात्मक संबोधन में श्री मिशेल साइमन ने विद्यार्थी जीवन एवं समाज में उसकी समन्वित भूमिका के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन, आंतरिक शक्ति तथा मूल्य-आधारित जीवन के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करने का चरण नहीं है, बल्कि स्वयं को समझने, बौद्धिक क्षमताओं को विकसित करने तथा समाज में सार्थक भूमिका निभाने की तैयारी का महत्वपूर्ण काल है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री साइमन ने उन्हें अपनी क्षमताओं एवं संभावनाओं को पहचानने, अपनी बौद्धिक क्षमताओं का विवेकपूर्ण एवं रचनात्मक उपयोग करने तथा मानवीय एवं सामाजिक मूल्यों पर आधारित उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने तेजी से बदलती दुनिया के संदर्भ में विद्यार्थियों के व्यक्तिगत, शैक्षणिक एवं सामाजिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी)
के जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम के औपचारिक उद्घाटन के पश्चात स्वागत संबोधन में प्रो. मंगलेश कुमार मंगलम, विभागाध्यक्ष, मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग ने विद्यार्थी जीवन को व्यक्तित्व निर्माण, जीवन-मूल्यों, भावनात्मक कल्याण तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण चरण बताया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. प्रणव कुमार, प्रॉक्टर ने एक समरस एवं उत्तरदायी समाज के निर्माण में सामूहिक उत्तरदायित्व तथा सकारात्मक मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया। प्रो. पवन कुमार मिश्रा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर तथा प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह, अध्यक्ष, छात्र परामर्श एवं कल्याण केंद्र ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. चेतना जायसवाल, मनोविज्ञान विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकल कुमार सिंह, सहायक अधिष्ठाता, छात्र कल्याण एवं समन्वयक, पंच प्राण प्रकोष्ठ, द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

अन्य समाचार