सामना संवाददाता / मुंबई
मारवाड़ी विद्यालय संचालित, मलाड (पश्चिम) स्थित के. जी. मित्तल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के कनिष्ठ विभाग के हिंदी साहित्य परिषद द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में स्वर्गीय राजेंद्र मित्तल स्मृति पुरस्कार अंतर-महाविद्यालयीन गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की निदेशिका डॉ. सुहासिनी आर्या, प्राचार्या डॉ. शगुन श्रीवास्तव, उप-प्राचार्या मनिषा सिंह तथा अध्यापिका हेमा माजगावकर ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर निर्णायक के रूप में डॉ. ममता झा तथा सुनीता चौहान, विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध गायिका डॉ. शैलेश श्रीवास्तव उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का परिचय महाविद्यालय के विद्यार्थियों श्रेया यादव, धरमचंद मिश्रा और सिद्धी सावंत ने किया।
इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कल्याणकृष्ण नाईक (के.ई.एस. महाविद्यालय), द्वितीय पुरस्कार तत्सवी संपत (नरसी मोनजी महाविद्यालय), तृतीय पुरस्कार भविष्य लिंबाचिया (लॉर्ड्स यूनिवर्सल महाविद्यालय) तथा प्रोत्साहन पुरस्कार: विनायक मिश्र, अनुभव झा, अधरीत दीपू को प्रदान किया गया। अध्यापिका हेमा माजगावकर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता उप-प्राचार्या मनिषा सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई जिसमें १७ महाविद्यालयों के ३५ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
