-नैनी में नाले में पलटा भारी लोडर…मददगारों ने चालक को सुरक्षित निकाला
राजेश सरकार / प्रयागराज
शनिवार की सुबह गंगोत्री नगर पुलिस चौकी के पुल कट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक भारी लोडर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लोडर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि हादसे में चालक की जान बच गई।
अचानक जांघ पर चढ़ा चूहा, बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे नैनी स्टेशन से कुछ दूरी पर गंगोत्री नगर पुलिस चौकी के पुल कट पर भारी लोडर ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान चालक के अनुसार, अचानक एक चूहा उसकी जांघ पर चढ़ गया। चूहे के अचानक चढ़ने से चालक घबरा गया और उसका स्टेयरिंग से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में पलट गया।
ऑटो यूनियन अध्यक्ष ने दिखाई तत्परता
लोडर के पलटते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ऑटो यूनियन के जिला अध्यक्ष गोलू सोनकर ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर चालक को लोडर से सुरक्षित बाहर निकाला। शिव जन सेवा केंद्र और स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। हादसे के बाद गंगोत्री नगर पुलिस चौकी के पुल कट पर काफी देर तक लोडर पलटा पड़ा रहा।
हादसे ने उठाए सवाल
चालक के बयान के अनुसार, महज एक चूहे के अचानक जांघ पर चढ़ने से भारी वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह नाले में जा पलटा। घटना ने सड़क पर भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और चालक की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
