सोम प्रकाश
प्यार जब जुनून बन जाए, तो उसकी राह आसान नहीं होती। गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय पहली बार फिल्म ‘तुम मेरे हो’ में साथ नजर आएंगे। यह फिल्म ईशा मालवीय का बॉलीवुड डेब्यू भी है। प्यार, इमोशन, एक्शन और एडवेंचर से भरी यह कहानी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स ने फिल्म के पहले पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें गुरमीत और ईशा की जोड़ी के बीच की गहरी भावनाओं और रिश्ते की झलक देखने को मिलती है।
गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की फ्रेश जोड़ी के साथ ‘तुम मेरे हो’ सिर्फ एक आम लव स्टोरी नहीं है। फिल्म में प्यार के साथ एक्शन और एडवेंचर भी देखने को मिलेगा। पोस्टर इस बात की झलक देते हैं कि दोनों का रिश्ता कई मुश्किल हालात से गुजरता है और उनके प्यार का हर कदम एक नई चुनौती लेकर आता है।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक आशीष पांडा कहते हैं, “तुम मेरे हो के जरिए प्यार की गहराई और उसकी इंटेंसिटी को बड़े पर्दे पर लाना मेरे लिए बहुत खास है। यह सिर्फ खूबसूरत पलों की कहानी नहीं है, बल्कि उन भावनाओं, मुश्किलों और हालात की कहानी है जो दो लोगों के रिश्ते को परखते हैं। हम एक ऐसी इंटेंस लव स्टोरी बनाना चाहते थे, जिसमें एक्शन और एडवेंचर का रोमांच भी हो और दर्शकों को एक बड़ा सिनेमाई अनुभव मिले।”
गुरमीत चौधरी के साथ काम करने के अनुभव पर आशीष कहते हैं, “एक एक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर गुरमीत के साथ काम करना बहुत आसान और खूबसूरत अनुभव रहा। कभी ऐसा नहीं लगा कि हम सिर्फ एक फिल्म बना रहे हैं। ऐसा लगा जैसे हम दिल से निकली किसी कहानी पर साथ काम कर रहे हैं। गुरमीत ने अपने किरदार के लिए जरूरी इंटेंसिटी और विश्वास को बखूबी निभाया और खुद को पूरी तरह इस दुनिया में ढाल लिया।”
ईशा मालवीय के बारे में आशीष कहते हैं, “ईशा मालवीय अपने किरदार में एक नर्मी और इमोशनल गहराई लेकर आईं, साथ ही उन्होंने किरदार की मजबूती को भी बखूबी दिखाया। वह इस रोल के लिए इतनी परफेक्ट थीं कि हमें उनके अलावा किसी और के बारे में सोचने की जरूरत ही नहीं पड़ी। उनका बॉलीवुड डेब्यू इस फिल्म को और खास बनाता है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक ‘तुम मेरे हो’ की भावनाओं से जुड़ेंगे और फिल्म में दिखाए गए प्यार, एक्शन और एडवेंचर का पूरा अनुभव लेंगे।”
गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय स्टारर ‘तुम मेरे हो’ का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है। फिल्म को रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। संगीत सारेगामा का है और पीवीआर पिक्चर्स फिल्म को वितरित कर रहा है। फिल्म की निर्माता आरती एस और डेबिना बनर्जी हैं। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखा है। फिल्म के संगीत में मिथुन, संजू राठौड़, विवेक वर्मा, कृष्ण और उद्दीपन शर्मा ने योगदान दिया है।
