-बाइक से गिरकर जैन महिला का ब्रेन डेड
-परिवार ने किया अंगदान का फैसला
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में सड़क के गड्ढे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। मालाड-ईस्ट के जितेंद्र रोड इलाके में रहने वाले जैन दंपति के साथ १६ सितंबर को दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, ५७ वर्षीय सपना वोरा अपने पति अजय वोरा के साथ बाइक पर पवई जा रही थीं। अजय वोरा मालाड के एक जैन देरासर में ढोका पगारथी के रूप में नौकरी करते हैं और दोनों धार्मिक स्वभाव के हैं। सपना बेन जैन साध्वीजी और महिलाओं को धार्मिक ज्ञान देने जा रही थीं।
दोपहर करीब २:३० बजे जब वे पवई गार्डन के पास से गुजर रहे थे, तभी एक कार के नजदीक से गुजरने पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर गड्ढा होने से यह हादसा हुआ। पीछे बैठी सपना वोरा सड़क पर गिर गर्इं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत एल.एच. हिरानंदानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन तक डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन १८ सितंबर को दोपहर में डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
इस दुखद घड़ी में भी वोरा परिवार ने सपना वोरा के अंगदान का निर्णय लिया है, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकेगा। गौरी-गणपति के पावन पर्व और गणेशोत्सव के दौरान लिया गया यह निर्णय बेहद प्रेरणादायी माना जा रहा है। पवई पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर आत्माजी सावंत ने बताया कि इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
मौत के बाद भी बनीं जीवनदाता
सपना वोरा के परिवार ने दुख की घड़ी में बड़ा फैसला लेते हुए उनके अंगदान की सहमति दी। परिवार के इस निर्णय से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने अंगदान प्रक्रिया के लिए जरूरी एनओसी जारी कर दी है।
