-`मेरे साथ ऐसी भाषा में बात मत करना’
सामना संवाददाता/ नई दिल्ली
सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोलने लगे तो जनता की आवाज भी हुक्मरानों को गुस्ताखी नजर आने लगती है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने जब लोगों ने सड़क की बदहाली पर ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा लगाया, तो वे भड़क उठे। जनता की नाराजगी सुनने के बजाय सिंधिया ने लोगों को ही खरी-खोटी सुना दी और तल्ख लहजे में बोले, ‘मेरे साथ ऐसी भाषा में बात मत करना।’
मध्य प्रदेश के गुना जिले में जनता का आक्रोश इस कदर सड़कों पर देखने को मिला कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला रोक लिया गया। इस दौरान `रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए गए और ग्रामीण व केंद्रीय मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीण की बात सुनकर सिंधिया असहज हो गए और उन्होंने उंगली दिखाते हुए बिफरते हुए कहा, `ऐसी भाषा मेरे सामने कभी इस्तेमाल मत करना। आप आकर निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी है जमीन पर क्रियान्वयन करना और काम पूरा कराना।’
खराब सड़क पर फूटा गुस्सा
ग्रामीणों ने रोकी
भाजपा विधायक की कार
धौरहरा विधानसभा में खराब सड़कों पर जनता का गुस्सा अब विधायक की गाड़ी तक पहुंच गया। सिसैया खुर्द के बाद हसनापुर गांव में खस्ताहाल सड़क से तंग ग्रामीणों ने शुक्रवार को भाजपा विधायक विनोद शंकर अवस्थी की कार रोक कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मौके पर ही विधायक को सड़क की नारकीय स्थिति दिखाई। बताया कि लंबे समय से सड़क टूटी है, बारिश में कीचड़ में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। रोजाना आवागमन में भारी परेशानी है।
