सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत एक महीने बाद कल फिर मैदान में उतरे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विभिन्न राजनीतिक विषयों पर अपनी आक्रामक शैली में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब तबीयत में सुधार हो रहा है। रेडिएशन का हिस्सा खत्म हो गया है। डॉक्टरों की टीम अच्छा काम कर रही है। दिसंबर तक पूरी तरह ठीक होकर फिर आऊंगा। यह कहते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम खत्म नहीं होंगे, बल्कि लड़ते रहेंगे।
३० अक्टूबर को संजय राऊत की आखिरी बार मीडिया से बातचीत हुई थी। उसके बाद कल उन्होंने पत्रकार परिषद की। उन्होंने कहा कि मेरे जैसा आदमी शांत बैठ नहीं सकता। अगर ठीक होता तो चुनाव प्रचार में जरूर घूम रहा होता। एकनाथ शिंदे गुट के गुलाबो गैंग ने बताया है कि चुनाव कल हैं और आज ‘लक्ष्मी दर्शन’ होने वाला है। अब कहां-कहां लक्ष्मी दर्शन हुआ, इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को लेनी चाहिए। इसके लिए सुबह से लोग जागे हुए हैं। कुछ जगहों पर १० हजार और १५ हजार एक वोट के पीछे चल रहा है।
चुनाव में चल रहा है
पैसों का खेल!
संजय राऊत का ‘महायुति’ पर हमला
महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों के चुनाव चल रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने महायुति सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव के समय पैसों का खेल इतना कभी नहीं हुआ था। नगरपरिषद और नगरपंचायत चुनावों में इस बार मुख्यमंत्री और सभी मंत्री प्रचार में उतरे हैं। पांच-छह हेलिकॉप्टर और प्राइवेट जेट आ रहे हैं। ऐसा कभी नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा कि एक-एक नगरपंचायत और नगरपरिषद के लिए तीन-तीन करोड़ का बजट है। सत्ता के तीन दलों में आपस में होड़ लगी है।
संजय राऊत ने कहा कि जेल में रहते हुए ही उन्हें बीमारी लगी थी। उस समय उनसे कुछ लापरवाही हुई थी। उन्होंने तंज कसा कि विरोधियों को जेल में डालने में सत्ताधारियों को खुशी मिलती है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे उनकी तबीयत पर नजर रखते हैं, स्वास्थ्य के बारे में पूछते रहते हैं। अभी भी उनकी अनुमति के बिना वे बाहर आए हैं। बीमारी के दौरान तबीयत के बारे में पूछताछ करने के लिए संजय राऊत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भी आभार माना।
