मुख्यपृष्ठनए समाचारअनंत सिंह और सम्राट चौधरी को वोट देने से अच्छा चुल्लू भर...

अनंत सिंह और सम्राट चौधरी को वोट देने से अच्छा चुल्लू भर पानी में डूब मरें! …बीजेपी के पूर्व सांसद आरके सिंह ने अपने ही उम्मीदवारों से लोगों को किया सचेत

सामना संवाददाता / पटना
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच भोजपुर से बीजेपी के पूर्व सांसद आरके सिंह ने लोगों से अपील की है कि वो किसी भी आपराधिक छवि वाले नेताओं को वोट ना दें। पूर्व सांसद राजकुमार सिंह ने कुछ दिग्गज नेताओं के नाम भी बतौर उदाहरण पेश किए हैं। खास बात यह भी है कि इसमें एनडीए के प्रत्याशी अनंत सिंह और सम्राट चौधरी का नाम भी है।
आरके सिंह ने फेसबुक पर लिखा कि सभी बिहारवासियों को मेरी ओर से दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। अपने राज्य तथा परिवार का भविष्य तय करने का समय आ गया है। आपका मत तय करेगा बिहार का और हम लोगों के बाल-बच्चों का भविष्य। यदि आप बिहार और अपने बच्चों का भविष्य उज्ज्वल देखना चाहते हैं तो किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले अथवा भ्रष्ट व्यक्ति को वोट ना दे, भले ही वो आपके जाति का ही क्यों ना हो। यदि आपके सामने जितने प्रत्याशी हैं सभी भ्रष्ट या आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं तो अपना वोट नोटा को दे दें। यदि आप आपराधिक पृष्ठभूमि अथवा भ्रष्ट को चुनिएगा तो अपराध और भ्रष्टाचार का बिहार में बोलबाला रहेगा और बिहार का कभी विकास नहीं होगा।
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशी
-मोकामा से एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह हैं। इन पर हत्या, नरसंहार तथा अपहरण जैसे गंभीर आरोप रहे हैं। जब मैं १९८५ में पटना का जिलाधिकारी था तो यह व्यक्ति अपने भाई दिलीप सिंह और विवेका सिंह के साथ अनुमंडल के सामने उपद्रव कर रहा था तो मैं पटना से वहां पहुंचकर उसको पीट कर भगाया था।
-नवादा सीट से एनडीए प्रत्याशी राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी हैं। राजबल्लभ यादव बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए पोक्सो एक्ट के आरोपी हैं और खुद चुनाव नहीं लड़ सकते हैं अतः अपनी पत्नी विभा देवीके माध्यम से चुनाव लड़ रहे हैं।
-इसी तरह तारापुर से एनडीए प्रत्याशी सम्राट चौधरी हैं। इन पर हत्या का आरोप और उम्र के सर्टिफिकेट फोर्जरी करके बेल पर बाहर होने का आरोप एक पार्टी ने खुलेआम लगाया, जिसका जवाब आज तक नहीं दे सके।
-जगदीशपुर (आरा) से एनडीए प्रत्याशी भगवन सिंह कुशवाहा हैं। ये इचरी में सात व्यक्तियों के नरसंहार के आरोपी रहे हैं।
-इसके अलावा संदेश से एनडीए प्रत्याशी राधा चरण साह हैं। ये एक बालू माफिया हैं, जो अभी हाल में ही जेल से छूटे हैंैं। ईडी की रेड के बाद १० महीने जेल में रहे।

अन्य समाचार