-गेट टूटा, सुरक्षा दीवार हुई जर्जर
-शाम को बन जाता है शराबियों का अड्डा
-मनपा की नीयत पर उठे सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
कांदिवली के समतानगर स्थित मनपा का जॉगर्स पार्क प्रशासन की उदासीनता के चलते दुर्दशा की मार झेल रहा है। मनपा प्रशासन की कृपा से इस उद्यान की हालत ऐसी हो गई है कि स्थानीय नागरिक, बुजुर्ग-महिलाओं व बच्चों को मैदान में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जॉगर्स पार्क की सुरक्षा दीवार जर्जर हो गई है, लोहे का गेट टूटा पड़ा है। मैदान में लगी टाइलें उखड़ चुकी हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि शाम होते ही यहां नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
बता दें कि कांदिवली आर-दक्षिण मनपा प्रशासन की लापरवाही से समतानगर स्थित मनपा का जॉगर्स पार्क जर्जर हो गया है। यहां नागरिकों के बैठने के लिए रखी बेंचें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। मैदान में रखे खेल और व्यायाम के उपकरण टूट चुके हैं। जॉगिंग ट्रैक पर गड्ढे हैं, जिससे वॉक या जॉगिंग करने आए वरिष्ठ नागरिकों का यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय नागरिकों की प्रशासन से मांग
स्थानीय नागरिकों और महिला समूह की मांग है कि यदि मनपा आर दक्षिण उद्यान विभाग इस मैदान पर जॉगिंग ट्रैक, बाड़, दीवार, खिलौने और व्यायाम उपकरण जैसी सुविधाएं प्रदान करता है तो नागरिक और छोटे बच्चे मैदान का उपयोग कर सकते हैं। ऐसे में मनपा इसे नजरअंदाज न करे और जल्द से जल्द इस मैदान की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे।
शौचालय भी रहता है बंद
जॉगर्स पार्क का गेट जर्जर अवस्था में है। शौचालय भी बंद कर दिया गया है। शाम होते ही यह मैदान शराबियों का अड्डा बन जाता है। सुरक्षा गार्ड न होने के कारण, सुबह से ही मैदान में शराब एवं नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले युवा जमा हो जाते हैं। इससे बुजुर्गों और महिलाओं का आना-जाना मुश्किल हो रहा है। निवासियों की बार-बार शिकायत के बावजूद मनपा प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय नागरिक इस बात पर नाराजगी जता रहे हैं कि छोटे बच्चों को मैदान में खेलने का आनंद नहीं मिल रहा है।
