-बिहार के कटिहार जिले का वीडियो आया सामने
बिहार के कटिहार से एक बेहद चौंकानेवाला वीडियो सामने आया है, जहां एक डॉक्टर महिला मरीज से बदतमीजी कर रहा है। वीडियो में सरकारी हॉस्पिटल में मरीजों के साथ कई डॉक्टर और दूसरा स्टाफ काफी बदतमीजी से पेश आता है। ये वीडियो बिहार के कटिहार जिले के हॉस्पिटल का बताया जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने डॉक्टर के इस तरह से पेश आने पर नाराजगी जताई है। इस वीडियो में डॉक्टर महिला से कहता है कि चुप रहो, नहीं तो इतना जूता मारेंगे…।’ बताया जा रहा है कि इस डॉक्टर का नाम सुशांत है और एक महिला मरीज के साथ बदतमीजी से पेश आ रहे हैं, ये डॉक्टर महिला को जूता निकालकर मारने की धमकी देता है और इसके बाद जेल भेजने की भी धमकी दे रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया `एक्स’ पर शेयर किया गया है।
घटना डंडखोरा प्रखंड के सोरिया गांव की महिला, जो एक मारपीट की घटना में घायल हो गई थीं। हाथ में कई जगह चोट लगने के बाद उन्होंने इलाज के लिए सदर हॉस्पिटल का रुख किया। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने सिर्फ एक हिस्से का एक्स-रे लिखा और बाकी चोटों को नजरअंदाज कर दिया। जब काजल ने अन्य हिस्सों की जांच की मांग की, तो डॉक्टर गुस्से में आ गए और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकाने लगे। इस दौरान महिला के पति ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। डॉक्टर ने महिला और उसके पति को जेल भेजने की धमकी भी दी। वीडियो में डॉक्टर यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि पहले महिला ने उनके साथ गाली-गलौज की, जिसके जवाब में उन्होंने प्रतिक्रिया दी। हालांकि, इस तरह का व्यवहार किसी भी पेशेवर डॉक्टर के लिए अनुचित माना जा रहा है।
सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह घटना सरकारी हॉस्पिटलों में मरीजों के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
