डोंबिवली: डोंबिवली में इन दिनों कोयता गैंग और सड़कछाप गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रात के समय हथियारबंद गुंडे खुलेआम कोयता और तलवारें लहराते देखे जा रहे हैं, जिससे नागरिकों की जान–माल की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। गुरुवार सुबह डोंबिवली में घटी ताजा घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसमें गुंडे राहगीरों से गाली–गलौज करते और क्षेत्र में दहशत फैलाते नजर आए।
डोंबिवली पुलिस ने खाम्बलपाड़ा क्षेत्र से दो आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है, लेकिन लगातार बढ़ती वारदातों ने पुलिस की निगरानी और गश्त व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि घटनाएं बढ़ रही हैं, और पुलिस सिर्फ बाद में कार्रवाई कर खुद की पीठ थपथपाने में लगी रहती है, जबकि अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद हो रहे हैं।
इससे पहले उल्हासनगर के विट्ठलवाड़ी, अशेले और मनेरे पाड़ा क्षेत्रों में भी इसी तरह के नशे में धुत सड़कों पर तांडव करने वाले गुंडों ने वाहनों को निशाना बनाया था। अब यह आतंक कल्याण–डोंबिवली तक फैल चुका है, जिससे जनता ही नहीं बल्कि पुलिस प्रशासन की भी नींद उड़ी हुई है। नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस सिर्फ बयानबाजी नहीं बल्कि सख्त और जमीन पर दिखने वाली कार्रवाई करे, ताकि ऐसे गिरोहों के मन से कानून का डर वापस लाया जा सके।
