हिमांशु राज
कुमार सानू और उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। मशहूर गायक ने अपनी एक्स वाइफ रीटा भट्टाचार्य को लीगल नोटिस भेजा है। दरअसल, हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में रीटा ने अपने पूर्व पति पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि जब वह तीसरे बच्चे की मां बनने वाली थीं, तब उन्हें न सिर्फ मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी गईं बल्कि सानू के परिवार ने भी उनका साथ नहीं दिया। रीटा ने यह तक दावा किया कि दूधवाले को भी उन्हें दूध देने से मना कर दिया गया था और वह भूखी-प्यासी कोर्ट के चक्कर लगाया करती थीं। इन आरोपों के बाद गायक कुमार सानू ने चुप्पी तोड़ते हुए कानूनी रास्ता अपनाया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने रीटा के बयानों को झूठा और उनकी छवि को खराब करने वाला बताया और इसी वजह से लीगल नोटिस भेजा है। इस मामले ने एक बार फिर इंडस्ट्री और फैन्स को चौंका दिया है, क्योंकि सानू का नाम उनके मधुर गीतों और रोमांटिक आवाज़ के लिए जाना जाता है। गौरतलब है कि रीटा और सानू की शादी लंबे समय तक विवादों में रही और आखिरकार दोनों का तलाक हो गया था। अब उनके रिश्ते की कड़वाहट फिर से सार्वजनिक बहस का विषय बन गई है।
