मुख्यपृष्ठनए समाचारफेरीवालों पर लोन का फंदा... नहीं लेने पर कार्रवाई का डंडा!

फेरीवालों पर लोन का फंदा… नहीं लेने पर कार्रवाई का डंडा!

-मनपा के इस दोहरे चरित्र से फेरीवालों में भारी रोष

सामना संवाददाता / मुंबई

एक तरफ फेरीवालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मुंबई मनपा जहां लोन लेने के लिए दबाव बना रही है, वहीं दूसरी तरफ फेरीवालों को उजाड़ रही है। ऐसी स्थिति में फेरीवालों को समझ नहीं आ रहा कि करें तो क्या करें। मनपा के इस दोहरे चरित्र से फेरीवालों में भारी रोष है।
मुलुंड में फेरीवालों के नेता (टीवीसी) शरीफ खान ने कहा कि मुलुंड में आयोजित एक नवरात्र पंडाल में बीजेपी नेता किरीट सोमैया माता का दर्शन करने के बाद लौटते समय कुछ मुस्लिम फेरीवालों को देख कर भड़क गए और उन्हें बांग्लादेशी करार दे दिया। साथ ही पुलिस को तुरंत सभी फेरीवालों को वहां से हटाने का फरमान जारी कर दिया। इस के कारण करीब १५० फेरीवालों का धंधा बंद हो गया है। अंधेरी में भाजपा के एक विधायक ने तकरीबन १,५०० लोगों का रोजगार बंद करवा दिया है। बोरीवली-पश्चिम में पुलिस और मनपा के अधिकारियों ने तकरीबन ६०० लोगों का रोजगार बंद करवा दिया है, जबकि ये सभी ६०० फेरीवाले २०१४ के पहले के पात्र फेरीवाले हैं। पिछले ५० सालों से यहां फेरी का व्यवसाय करने वाले शांताराम शिंदे के मुताबिक, यहां के भाजपा विधायक कोई कानून को नहीं मानते और उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लोन लेने वालों को भी रोजगार नहीं करने दे रहे हैं। वहीं मुलुंड-पश्चिम में टी वार्ड के अंतर्गत ३,५०० फेरीवालों का सर्वे कर उन्हें पात्र किया गया है, लेकिन भाजपा नेता की शिकायत पर सभी पात्र फेरीवालों का रोजगार बंद करवा दिया गया है।
परेशान होकर निकाला मोर्चा
उधर मनपा की कार्रवाई से दुखी फेरीवालों ने गत दिनों मोर्चा निकला, लेकिन उनके प्रतिनिधि मंडल से मनपा अधिकारी ने कहा कि हम आपका विषय लीगल विभाग को देकर बात करेंगे। वहीं दवा बाजार के फेरीवाले नायडू ने बताया कि ३० फेरीवालों को इसलिए हटा दिया गया है, क्योंकि एलटी मार्ग पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को उन लोगों को रोजगार नहीं करने देना है। उपनगर जोगेश्वरी के आंनद नगर के फेरीवालों को लेकर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व उपाध्यक्ष जावेद अहमद खान ने पुलिस और महानगरपालिका के अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और २०१४ के पहले के पात्र फेरीवालों पर कार्रवाई नहीं करने की मांग की है।

अन्य समाचार