मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लॉटरी विजेताओं की जमकर नारेबाजी!.. सिडको के घरों...

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लॉटरी विजेताओं की जमकर नारेबाजी!.. सिडको के घरों की कीमतों से लाभार्थियों में भारी रोष

सामना संवाददाता / मुंबई

नई मुंबई में आयोजित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक कार्यक्रम में सिडको के घरों की कीमत कम करने को लेकर लॉटरी विजेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
बता दें कि सिडको द्वारा निकाली गई २६,००० घरों की लॉटरी में घरों की कीमतें बहुत ज्यादा हैं। लॉटरी विजेताओं का कहना है कि इन घरों की कीमतें कम की जानी चाहिए। लॉटरी धारकों ने इस संबंध में कई बार विरोध प्रदर्शन भी किए। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनसे तीन बार बैठक करने का वादा किया था, लेकिन वादा करने के बावजूद बैठक में शामिल होने से पल्ला झाड़ लिया। सिडको की लॉटरी निकले कई महीने बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार या सिडको ने अभी तक घरों की कीमतें कम नहीं की हैं, जिससे सिडको लॉटरी विजेताओं में असंतोष व्याप्त है।
कल स्वर्गीय अन्नासाहेब पाटील की ९२ वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित थे। इस मौके पर सिडको लॉटरी धारकों ने अपने हाथों में पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इन पोस्टरों पर लिखा था, ‘देवाभाऊ, हमारी मांगें स्वीकार करो’ और ‘सिडको के घरों की कीमतें कम करो’।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने का प्रयास बहुत किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराने में कामयाब हो गए। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आने वाले पंद्रह दिनों में बैठक करके इस मामले का समाधान निकालेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के आश्वासन का वीडियो विजेताओं ने एक्स एकाउंट पर शेयर किया।

अन्य समाचार