जेदवी / मुंबई
नटराज मार्केट में पांच हिस्ट्रीशीटर पकड़े
मालाड के व्यस्त नटराज मार्केट को दहला देने की साजिश रच रहे पांच शातिर अपराधियों को मालाड पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक वारदात टाल दी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में संभावित डाके की योजना धरी की धरी रह गई। गिरफ्तार सभी आरोपी पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से गंभीर मामलों से भरा पड़ा है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात गश्त के दौरान नटराज मार्केट के आसपास पांच संदिग्ध युवक घूमते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी को हिरासत में ले लिया गया। गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इलाके में डाका डालने की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप जगदीश गुप्ता, इकबाल रमजान शेख, केतन विष्णु इरले, अरबाज सलीम शेख और अनिकेत दिलीप बारसिंगे के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि इन सभी के खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी, लूटपाट, डकैती और अन्य आपराधिक मामलों की लंबी फेहरिस्त दर्ज है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना भी मिली थी कि कुछ बदमाश हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से डकैती में इस्तेमाल होने वाले हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है।मालाड पुलिस अब आरोपियों के पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि उनका असली निशाना कौन था और इस साजिश में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
