मुख्यपृष्ठनए समाचार२४ घंटे खुलेंगे मॉल-होटल-दुकान... भाजपा ने पुरानी नीति का जारी किया शासनादेश!.....

२४ घंटे खुलेंगे मॉल-होटल-दुकान… भाजपा ने पुरानी नीति का जारी किया शासनादेश!.. आदित्य ठाकरे का तंज

सामना संवाददाता / मुंबई

यह मजेदार है, जिस भाजपा ने मेरी ‘मुंबई २४ घंटे ७ दिन’ नीति पर संस्कृति और सुरक्षा के कारणों का हवाला देकर आलोचना की थी, वही भाजपा अब उसी नीति का शासनादेश फिर से लाई है। उस समय भी मैंने उनसे पूछा था और आज फिर वही पूछ रहा हूं कि मेहनतकश मुंबईकरों को रात देर तक खाने-पीने की, थोड़ी शांति व आनंद लेने की सुविधा उपलब्ध कराने में आखिर दिक्कत क्या है? इस तरह का जोरदार तंज शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ पर किया है।
बता दें कि आदित्य ठाकरे द्वारा पेश की गई संकल्पना अब साकार हो गई है। मुंबई सहित राज्यभर में दुकानें, मॉल, होटल, सिनेमा घर, नाट्यगृह और मनोरंजन स्थलों को चौबीसों घंटे खुला रखने का सरकारी आदेश जारी किया गया है। महाविकास आघाड़ी सरकार के काल में तत्कालीन पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने सबसे पहले यह संकल्पना प्रस्तुत की थी, जिसका आदेश अब महायुति सरकार ने जारी किया है। इसी पर अब आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार पर तंज कसा है। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा है कि मुंबई मेहनतकशों का शहर है। यह शहर २४ घंटे और सातों दिन दौड़ता ही रहता है। जनवरी २०२० से ही यह नीति अस्तित्व में है और तब भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई थी। हमारी महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल के इस विषय पर अखबारों में छपी खबरें भी साथ दी गई हैं। नया आदेश लाने की कोई जरूरत ही नहीं थी, लेकिन भाजपा को अब अपनी राय बदलने के लिए किस चीज ने प्रेरित किया? इस तरह का सवाल भी उन्होंने खड़ा किया है।

-विज्ञान ही नहीं, पूरी मानवता की अपूरणीय क्षति!

-तेजस ठाकरे ने डॉ. जेन गुडाल को दी श्रद्धांजलि

सामना संवाददाता / मुंबई

डॉ. जेन गुडाल के निधन से केवल विज्ञान जगत की ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अपूरणीय क्षति हुई है। इस भावना को व्यक्त करते हुए तेजस ठाकरे ने डॉ. जेन को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि मुझे उनसे मिलने का अवसर मिला, इसके लिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं। उनकी सादगी, विनम्रता और अपनापन देखकर मैं भावुक हो गया।
डॉ. जेन गुडाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया था। पिछले साल मुंबई में उनसे मुलाकात हुई थी। तेजस ठाकरे ने कहा कि वरिष्ठ प्राइमेटोलॉजिस्ट, प्रकृति, पर्यावरण और पशु अध्ययन करने वाली डॉ. जेन के साथ हुए संवाद में उन्होंने शोध, वन्यजीव संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए जंगल व पर्यावरण की रक्षा के महत्व पर गहरे विचार व्यक्त किए। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. जेन को ‘ठाकरे वाइल्डलाइफ फाउंडेशन’ के माध्यम से सह्याद्रि की समृद्ध जैवविविधता और जंगलों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

अन्य समाचार