झुंझुनू। भारतीय वायु सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वायु सेना में नौकरी लगवाने की एवज में एक युवक से 5 लाख रुपए लिए गए और नियुक्ति का ज्वॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। प्रार्थी को पहले कर्नाटक में फिर जैसलमेर में ज्वॉइनिंग करने के लिए कहा गया। हालांकि जैसलमेर पहुंचने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
राजस्थान में झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी नरेन्द्र कुमार ने 25 अप्रैल 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि 2023 में प्रार्थी नरेन्द्र कुमार की मुलाकात श्रद्धानाथ कॉलेज गुढ़ागौड़जी में पढ़ते समय आरोपी आशीष कुमार पुत्र सांवरमल निवासी भोड़की से हुई। आरोपी आशीष ने खुद को भारतीय वायु सेना का कर्मचारी बताते हुए कई लोगों को नौकरी दिलाने का दावा किया। इससे नरेंद्र कुमार उसके झांसे में आ गया और वायु सेना में नौकरी के लिए 5 लाख रुपए 8 मार्च 2023 से 14 अक्टूबर 2023 के बीच फोन-पे से आशीष के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। हालांकि प्रार्थी को ज्वॉइनिंग के लिए जैसलमेर भेज कर आरोपी फरार हो गया।
इसके बाद प्रार्थी की ओर से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जांच की गई और आरोपी आशीष कुमार (23) पुत्र सांवरमल जाट निवासी चिमनाराम की ढाणी (भोड़की) को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रार्थी नरेन्द्र कुमार 27.10.2023 को बेलगांव कर्नाटक में बताए गए एयर फोर्स स्टेशन पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर आरोपी आशीष कुमार ने उसे फोन पर बताया कि बेलगांव के बजाय अब उसे जैसलमेर जाना होगा जहां उसे नियुक्ति मिलेगी। प्रार्थी जैसलमेर पहुंचा और आरोपी से मिला। आरोपी सात- आठ दिनों तक नियुक्ति का आश्वासन देता रहा और इसी दौरान उसने प्रार्थी से सभी ऑरिजनल दस्तावेज ले लिए। जब प्रार्थी ने दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपी ने मना कर दिया और मौका पाकर वहां से गायब हो गया। 7-8 दिन परेशान होने के बाद प्रार्थी को बिना किसी नियुक्ति के घर वापस लौटना पड़ा। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी ने सब कुछ असली दिखाने के लिए नकली दस्तावेज भी तैयार किए। इसके तहत लिखित टेस्ट का 15.03.2023 प्रवेश पत्र भी दिखाया।
हालांकि इसके बाद कोई टेस्ट नहीं दिलवाया और पीड़ित से कहा कि उसकी ऊपर तक जान-पहचान है वह उसे सीधा ज्वॉइनिंग लेटर दिलवाएगा। टाइपिंग टेस्ट में सफलता की ई-मेल सूचना 29.04.2023 को भेजी। साथ ही यह भी बताया कि ज्वॉइनिंग लेटर जारी कर दिया गया है। ज्वॉइनिंग लेटर 28.10.2023 की तारीख में दिखाया गया। आरोपी आशीष ने यही लेटर सितम्बर 2023 प्रार्थी के घर जाकर सौंपा और उसे आश्वस्त किया है जल्द ही उसकी ज्वॉइनिंग होने वाली है। हालांकि इसके बाद आरोपी फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
