-भारतीय महिला टीम की उपकप्तान `सुपर वुमन’ स्मृति मंधाना ने कल
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया। इस मुकाबले में भारत की भले ही हार हुई हो लेकिन मंधाना ने देशवासियों का दिल जीत लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ४३ रनों से जीत हासिल करके सीरीज पर २-१ से कब्जा कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए ४१३ रनों का टारगेट दिया था, लेकिन भारतीय टीम ४७ ओवर्स में ३६९ रनों पर सिमट गई। टीम की ओपनर बल्लेबाज स्मृति ने ऐतिहासिक पारी खेलकर वर्ल्ड क्रिकेट में तहलका मचा दिया। वो भारत की ओर से सबसे तेज शतक ठोकनेवाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खिलाफ केवल ५० गेंदों में शतक ठोकते हुए टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, विराट ने साल २०१३ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही ५२ गेंदों में शतक ठोका था। स्मृति ने महिला वनडे में सबसे तेज शतक जड़ने वाली दुनिया की दूसरी महिला बल्लेबाज बन गई हैं। मंधाना ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए ५० गेंदों में १४ चौके और ४ छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया।
गेंद : ६३
रन : १२५
छक्के:०५
चौके : १७
कोहली का ` विराट’ रिकॉर्ड टूटा
भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इतिहास रच डाला है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए सबसे तेज शतक लगाकर विराट कोहली का भी रिकॉर्ड तोड़ डाला है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में सिर्फ ५० गेंदों में शतक लगा दिया है। बता दें कि भारत के लिए वनडे फॉर्मेट (पुरुष और महिला) में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अब तक विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने साल २०१३ में ५२ गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी।
