राधेश्याम सिंह /विरार
वसई-विरार क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही देशी शराब की भट्टियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मीरा-भाईंदर, वसई-विरार के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के आदेश पर की गई। जिन्होंने ऐसे गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इस कार्रवाई को मांडवी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत अंजाम दिया गया। जहां वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे के मार्गदर्शन में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। यह छापेमारी सुबह 5:00 बजे की गई। पहली कार्रवाई ए.पी.आई.बलिराम पालकर और उनकी टीम द्वारा पारोल-कारझोन जंगल स्थित एक ईंट भट्टी पर की गई, जहां से 1000 लीटर वॉश जब्त कर नष्ट किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में एपीआई मुसळे के नेतृत्व में खर्डी-कोशिंबे गांव के पास एक ईंट भट्टी पर छापा मारकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। इन दोनों मामलों में मांडवी पुलिस थाने में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
