मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी ने की जनता की दिवाली ‘काली’ ...मुंबईकरों की जेब पर महंगाई...

मोदी ने की जनता की दिवाली ‘काली’ …मुंबईकरों की जेब पर महंगाई ने डाला ‘डाका’!

– पटाखों की कीमतों में २०ज्ञ् का उछाल, मिठाइयों के भी भाव बढ़े
– नाराज लोगों ने कहा, ‘ये महंगाई हमें मार डालेगी’
द्रुप्ति झा / मुंबई
दिवाली के उत्साह को इस साल महंगाई ने फीका कर दिया है। पीएम मोदी की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। एक डॉलर का भाव ९० रुपए के करीब पहुंच चुका है और बाजार में हर सामान के भाव में आग लगी हुई है। ऐसे में दिवाली पर भी इसका असर पड़ा है और लोगों ने पटाखे, कपड़ों और मिठाइयों की खरीद में कटौती की है। ऐसे में कहा जा रहा है कि इस बार मुंबईकरों की जेब पर महंगाई ने ‘डाका’ डाला है।
महंगाई का सबसे बड़ा असर मिठाइयों पर देखा जा रहा है। मिठाइयों के बिना दिवाली का त्योहार अधूरा होता है। काजू कतली से लेकर गुलाब जामुन जैसी मिठाइयां कई लोगों की फेवरेट भी हैं। हालांकि, इस दिवाली यह मिठास भी फीकी पड़ गई है। मिठाई पर चढ़ी चांदी की कीमत १.९ लाख रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। इस वजह से मिठाइयों में ‘चांदी वर्क’ लगाने से दुकानदार बच रहे हैं। केंद्र सरकार ने हाल ही में मिठाइयों पर लगने वाले जीएसटी कम करने की घोषणा की थी। ऐसे में मिठाई सस्ती होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन हकीकत में दिवाली में मिठाइयों के दाम आसमान छू रहे हैं।
इस बारे में खुशबू भारती ने कहा कि इस बढ़ती हुई महंगाई से परेशान हो गई हूं। ये महंगाई हमें मार डालेगी। अब घर चलाना मुश्किल हो चुका है। महीने के २० हजार इनकम से घर चलाना भारी पड़ता है। हमारा आमदनी कम और खर्चा ज्यादा हो रहा है। ऐसे में मध्यम वर्ग परिवार की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। सरकार एक तरफ महंगाई को कम करने के लिए कई प्रकार के दावे कर रही है, लेकिन असलियत में महंगाई कम होना तो दूर, और बढ़ती जा रही है।
इसी तरह बृजेश यादव ने कहा कि मेरे घर में पांच लोग रह रहे हैं और कमाने वाले सिर्फ दो लोग हैं। राशन से लेकर दवाई तक महंगी है। किसी सामान में राहत नहीं है। दिन प्रतिदिन महंगाई बढ़ती ही जा रही है। सरकार पूरे तरीके से आम जनता को लूटने में लगी हुई है। सुनीता पाल ने कहा कि त्योहार के सीजन में सामान के दामों को और भी बढ़ा दिया जाता है, आम जनता के बारे में सरकार नहीं सोचती है। भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। महंगाई से परेशान लोगों को मजबूरी में अपनी जरूरतों के हिसाब से सामानों की खरीदारी करनी पड़ती है।

मिठाई की कीमतें
सामान्य मिठाई बॉक्स: ८०० रुपए से शुरू
खास गिफ्ट हैम्पर: १,२९० रुपए से शुरू
काजू कतली: लगभग ५७५ रुपए से शुरू
मोतीचूर लड्डू: ५५० रुपए प्रति ९ पीस बॉक्स के हिसाब से उपलब्ध
गुलाब जामुन: २५० रुपए प्रति बॉक्स
करंजी: ४५० रुपए प्रति किलोग्राम
सोने की परत चढ़ी मिठाई: २१,००० रुपए प्रति किलोग्राम

सोने और चांदी के भाव
दिवाली से पहले सोने के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। बीते एक साल में सोना लगभग ५१,००० रुपए प्रति १० ग्राम तक महंगा हो गया है। पिछले साल दिवाली के समय जहां सोने की कीमतें औसतन ७९,८२० रुपए प्रति १० ग्राम के आसपास थीं, वहीं इस बार त्योहार से पहले यह बढ़कर १,३०,३५० रुपए प्रति १० ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले महीनों में भी सोने में तेजी का रुख बना रह सकता है। चांदी की कीमतें भी पिछले साल से लगभग ५५ प्रतिशत बढ़कर १,८०,००० रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं।

अन्य समाचार