मुख्यपृष्ठनए समाचार`मोदी-शाह का अहंकार देश तोड़ेगा' - राज ठाकरे

`मोदी-शाह का अहंकार देश तोड़ेगा’ – राज ठाकरे

सामना संवाददाता / मुंबई

जब सत्ता से तानाशाही मानसिकता वाला शासक हटता है, तब जनता उसे किस तरह सबक सिखाती है, इसके उदाहरण याद कीजिए। जिस देश की जनता ने मुगलों से लेकर पुर्तगालियों और अंग्रेजों तक का अहंकार तोड़ा, क्या उस देश की जनता अपने ही शासकों का अहंकार नहीं तोड़ेगी? ऐसा सत्ता में बैठे लोगों को लगता है क्या? यह सवाल करते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने केंद्र की भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि मोदी-शाह की जोड़ी का अहंकार देश ही तोड़ देगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन को कुचलने के लिए की जा रही दमनात्मक कार्रवाई पर राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी के मन और मस्तिष्क में चरम स्तर की तानाशाही घर कर गई है। इसी तानाशाही के बल पर इस जोड़ी ने देश की सभी व्यवस्थाओं पर कब्जा करके सत्ता हासिल की है और अब उसका इस्तेमाल मुट्ठी भर उद्योगपतियों के हितों के लिए किया जा रहा है। सत्ता के इस अहंकार का विरोध करने और उसके खिलाफ प्रदर्शन करने के कारण यदि आंदोलनकारियों को कुचला जाएगा, तो इस निरंकुश व्यवस्था को देश से जड़ से उखाड़ फेंकना होगा। राज ठाकरे ने भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नवंबर १९४९ में संविधान का प्रारूप प्रस्तुत करते समय दिए गए कथन को दोहराते हुए कहा कि ‘No nation can be grateful at the cost of its liberty’ उल्लेख है। उन्होंने कहा कि किसी नेता की अंधभक्ति या उसके मनमाने व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए देश की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी जैसे मूल्यों को दांव पर नहीं लगाया जा सकता।
ज्ञानेश कुमार के प्रति इतना प्रेम क्यों?
राज ठाकरे ने कहा कि देश के २० से ३० वर्ष के युवा-युवतियां बेचैन हैं। उन्हें अपना भविष्य दिखाई नहीं दे रहा है, इसलिए वे शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार उन्हीं को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दुनिया भर में जाकर किस मुंह से कहेंगे कि भारत में लोकतंत्र है? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रति सरकार को इतना प्रेम क्यों है? क्या इसलिए कि उनके माध्यम से सत्ता हासिल करने के रास्ते बनाए जाते हैं?

अन्य समाचार