मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
ऑटो में बैठे यात्रियों से चेन, पर्स चोरी करने वाली तीन महिला टप्पेबाजों को पारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ी गई महिला टप्पेबाजों में मां बेटी और जेठानी शामिल हैं। यह शहर में कई जगह ऑटो में सवार यात्रियों के साथ चेन, पर्स चोरी की वारदात कर चुकी हैं। इनसे दो सोने की चेन बरामद कर जेल भेजा गया है। इंदिरा नगर तकरोही के आदर्श कॉलोनी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अरविंद यादव की पत्नी लक्ष्मी के मुताबिक वह बुधवार शाम इंदिरा नगर से मेट्रो से सिंगार नगर आई थीं, जहां से ऑटो से पारा के हंसखेड़ा में रिश्तेदार के घर जा रही थीं। तभी तीन महिला ऑटो में आकर अगल बगल बैठ गईं। तीनों महिला टप्पेबाजों ने बातों में उलझाकर उनके गले मे पड़ी सोने की चेन चोरी कर ली। चोरी का आभास होने पर चेन मांगने पर तीनों महिला झगड़ा करने लगीं।
पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि तीनों महिलाओं की पहचान कुशीनगर के कप्तानगंज निवासी उषा, उसकी बेटी तारा और रामकोला निवासी जेठानी संगीता के रूप में हुई। उषा की गोद मे एक बेटी भी थी। तीनों महिला ने एक माह पहले बुद्धेश्वर में एक बुजुर्ग महिला से चेन लूटी थी। तीनों महिला गिरोह चलाती हैं। ये अलग-अलग स्थानों में सवारियों को बातों में उलझाकर चोरी, लूट की वारदात करती थीं। आरोपी महिलाओं से दो सोने की चेन बरामद हुई हैं।
महिला ने चेन चोरी होने पर शोर मचाया। ऑटो चालक से बताया। सूझबूझ का परिचय देते हुए काकोरी के जलियामऊ निवासी चालक रिंकू ने ऑटो दौड़ाकर हंसखेड़ा मोड़ पर बने पुलिस महिला पिंक बूथ पर खड़ा कर दिया, जहां पहले से मौजूद लक्ष्मी के रिश्तेदारों ने पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया।इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि शुरू में तीनों महिला ने अपना नाम पता गलत बताया था। संगीता ने रिंकी, तारा ने रोशनी एवं उषा ने निशा निवासी बाराबंकी बताया था। पुलिस ने संबंधित थानों से सत्यापन कराया, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने सही नाम पता बताया।”
