मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा पुल विभाग के पास पर्याप्त मानव संसाधन नहीं! ...२०० अधिकारियों की...

मनपा पुल विभाग के पास पर्याप्त मानव संसाधन नहीं! …२०० अधिकारियों की तैनाती के लिए आयुक्त की मंजूरी का इंतजार

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई कोस्टल रोड के दूसरे चरण का सिविल कार्य सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू होने वाला है। इसको ध्यान में रखते हुए मनपा ने अपने विभिन्न विभागों से सैकड़ों सिविल इंजीनियरों को इस परियोजना की निगरानी के लिए तैनात करने का प्रस्ताव दिया है, क्योंकि इस चरण के लिए २०० से अधिक सिविल इंजीनियरों की आवश्यकता होगी।
मनपा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘परियोजना को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के लिए हम सड़कों, मलजल और जल आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले अधिकारियों को तैनात करेंगे। ये अधिकारी ठेकेदारों की निगरानी और परियोजना की दैनिक प्रगति के साथ अन्य तकनीकी पहलुओं की देखरेख करेंगे।’
मनपा प्रशासन ने इसके तहत लगभग २०० अतिरिक्त अधिकारियों को पुल विभाग में तैनात करने का प्रस्ताव रखा है, जो वर्तमान में महानगरपालिका आयुक्त की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पुल विभाग के पास वर्तमान में अपने सभी प्रोजेक्ट्स के लिए पर्याप्त जनशक्ति नहीं है। एक अधिकारी ने कहा, ‘फिलहाल पुल विभाग के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिनमें गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) शामिल है। इसके अलावा कई नए पुलों के निर्माण और मौजूदा संरचनाओं के रखरखाव के प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं। इसके लिए भी मानव संसाधन की जरूरत होगी इसलिए हमें अन्य विभागों पर निर्भर रहना पड़ेगा।’ मुंबई कोस्टल रोड के पहले चरण, जो मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ता है, उसका उद्घाटन पिछले वर्ष हुआ था। इस १० किलोमीटर लंबे चरण के निर्माण और रख-रखाव के लिए मनपा ने एक विशेष विभाग का गठन किया था। हालांकि, अब दूसरे चरण का कार्य पुल विभाग द्वारा किया जा रहा है।
अतिरिक्त दबाव नहीं
एक अधिकारी ने बताया, ‘यह विभाग पहले से ही तैयार हो चुके चरण के रख-रखाव और ओपन स्पेस, वॉकवे आदि जैसे सहायक कार्यों की जिम्मेदारी निभा रहा है इसलिए उस विभाग पर अतिरिक्त दबाव नहीं डाला जा सकता है। कोस्टल रोड के दूसरे चरण में भूमिगत सुरंगें, एक केबल-स्टे ब्रिज और कई वाहन इंटरचेंज होंगे, जो उत्तर-दक्षिण दिशा में यातायात कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगे।

जुड़वां सुरंगों की खुदाई २०२७ की शुरुआत में
मनपा अधिकारियों ने बताया कि कोस्टल रोड के लिए सिविल कार्य सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा। मालाड के माइंडस्पेस से कांदिवली के चारकोप को जोड़ने वाली जुड़वां सुरंगों की खुदाई २०२७ की शुरुआत में शुरू होगी और सुरंग खोदने की मशीन अगले वर्ष की शुरुआत में आ जाएगी।

 

अन्य समाचार