मुख्यपृष्ठनए समाचारगाली-गलौज का बदला लेने को हथौड़े से सिर कूचकर किया कत्ल

गाली-गलौज का बदला लेने को हथौड़े से सिर कूचकर किया कत्ल

 -24 घंटे में घूरपुर पुलिस ने खोला राहुल हत्याकांड का राज, आरोपी कन्हैया गिरफ्तार; आलाकत्ल बरामद

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुई 21 वर्षीय राहुल भारतीया की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। घूरपुर पुलिस और सर्विलांस सेल यमुनानगर की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोपी कन्हैया लाल पासवान उर्फ कंधई को रविवार को रीवा हाईवे पर सारंगापुर स्थित कटरा की सीढ़ी से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सारंगापुर पसियाना बस्ती निवासी राहुल भारतीया शनिवार तड़के गांव के किनारे बने चबूतरे पर पड़ा मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। राहुल के भाई शुभम भारतीया की तहरीर पर घूरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 317/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों को खंगाला तो शक कन्हैया लाल पासवान उर्फ कंधई पर गहराता गया। रविवार को उसे दबोचकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर बाउंड्रीवाल के अंदर झाड़ियों में फेंका गया लोहे का हथौड़ा बरामद कर लिया गया।
पुरानी मारपीट के बाद फिर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पिछले साल अगस्त में राहुल भारतीया और वीरेन्द्र भारतीया ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद से वह राहुल से बात नहीं करता था। शनिवार रात करीब नौ बजे रीवा रोड के किनारे गांव के पास राहुल ने कथित तौर पर उसके साथ फिर गाली-गलौज की और उसे अपमानित किया। इससे वह बेहद आहत हुआ और घर लौटकर राहुल की हत्या करने का फैसला कर लिया। पुलिस के अनुसार, रात में राहुल को गांव के किनारे चबूतरे पर नशे की हालत में लेटा देख कन्हैया ने मौका पाकर उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राहुल की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने हथौड़ा बाउंड्रीवाल के भीतर झाड़ियों में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया।हत्या का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अनुराग, अमित यादव, विशाल चौहान, दिवाकर खरवार, कांस्टेबल अमित यादव, दीपक यादव और विकास यादव तथा सर्विलांस सेल यमुनानगर के प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश, उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र विश्वकर्मा और सिपाही रवि कुमार यादव शामिल रहे।

अन्य समाचार