राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर से लगे नैनी क्षेत्र में दशहरा मेला बारिश की भेंट चढ़ गया। इसके बाद भी पौ फटने तक लोगों ने भीगते हुए मेले का आनंद लिया। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश की रफ्तार रात बीतने तक धीमी तो हो गई थी लेकिन थमी नहीं। भोर तक आसमान में काले मेघ छाए रहे। मेला में रंग-बिरंगे झालरों से खूबसूरत सजावट की गई थी। चौकियों में रामलीला मंचन की झलकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां भव्यता से प्रस्तुत की गई थीं। मेले का समापन रावण दहन के साथ हुआ। विशालकाय रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले दहन किए गए। पुतलों के जलते ही ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस दौरान आतिशबाजी भी हुई। स्थानीय प्रशासन ने मेले के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी।जगह-जगह पुलिस बल तैनात किए गए थे। विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) टीम, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर, एसडीएम एवं एसीपी करछना एवं नैनी प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर चौकी इंचार्ज विपिन वर्मा, मनोज सिंह, एसपीओ प्रभारी अभयराज सिंह, उप प्रभारी परवेज अहमद मेले में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगे हुए थे। लोगों ने सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद लिया। इस दौरान एसपीओ जनसंपर्क अधिकारी शेख लियाकत अली संगठन सचिव रविन्द्र सिंह थाना कमेटी प्रभारी रवि मिश्रा सहायक थाना कमेटी प्रभारी रामजी जायसवाल, वीरेन्द्र पटेल, समीर खान, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, अश्विनी शर्मा, रामजी गौड़, सुशील कुमार, सलीम, रहमान, सरोज सिंह, सुरेन्द्र गुप्ता, उपेन्द्र सिंह, दिनेश केसरवानी, मो. फिरोज आदि अनेक सदस्य मौजूद रहे।
– माइक पकड़ने पर विवाद
मेले के दौरान हनुमान नगर में विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो रोशनी कमेटी के लोगों ने सड़क पर मेज लगाकर चौकियां निकलने वाले रास्ते को बंद कर दिया। जिससे काफी देर तक राम दल रुका रहा। कमेटी के लोगों को समझाने पहुंची पुलिस और स्थानीय भाजपा नेताओं से भी नोंकझोंक हुई। फिर किसी तरह से राम दल को निकाला गया। विवाद का कारण कमेटी के लोगों से माइक छीनना और साउंड का तार निकालना बताया गया है।
– श्रमिक बस्ती में चौकियों को किया गया पुरस्कृत
नैनी के दशहरा मेला में रामलीला समितियों की तरफ से निकाली गई आकर्षक चौकियों को श्रमिक बस्ती समिति एवं नवयुवक संघ द्वारा पुरस्कृत किया गया। जीत लाल चौराहा पर जगमगाई रौशनी में राम दलों का बस्ती की जनता ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सर्वश्रेष्ठ चौकियों को पुरस्कृत भी किया गया। समिति के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, देवी सिंह, नन्द किशोर मिश्र, मंजू भारतीय, राघवेंद्र सिंह गवर्नर, विक्की गुलाटी, पप्पू सिंह, उज्जवल यादव, अजय पांडेय का विशेष सहयोग रहा।
– मानस रामलीला के भरत मिलाप की भावपूर्ण प्रस्तुति
मानस रामलीला समिति नैनी का भरत मिलाप मेवालाल की बगिया चौराहे पर हुआ। अनुज लक्ष्मण और संगीनी सीता संग भगवान राम अपने भाई भरत से मिलने पहुंचे। दोनों के मिलन की भावपूर्ण प्रस्तुति से मौजूद दर्शकों में वात्सल्य भाव उत्पन्न होने लगा था। मुख्य संरक्षक समर बहादुर सिंह, संरक्षक सुभाष केसरवानी के नेतृत्व में भरत मिलाप की बहुत ही सुंदर व रोचक प्रस्तुति देख लोग भाव-विभोर हो उठे। इस अवसर पर पार्षद व संयोजक मयंक यादव, समिति अध्यक्ष धीरेंद्र यादव धीरू, महामंत्री नयन कुमार कुशवाहा, संजय श्रीवास्तव समेत कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने राम,सीता,लक्ष्मण भरत, शत्रुघ्न व हनुमान जी की आरती उतार के विश्व कल्याण की कामना की। संरक्षक शिवशंकर दीक्षित, सुभाष प्रधान, कोषाध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा एवं राज सिंह, मंत्री सुधीर प्रजापति व नीरज शर्मा, उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, राजा यादव व राजेश थापा मौजूद थे।
