नई मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक चौंकानेवाली घटना सामने आई थी। इसी साल जून महीने में जब दोपहर के समय मेट्रो स्टेशन जा रही एक महिला को न केवल धमकाया गया, बल्कि उसके साथ शर्मनाक हरकत भी की गई। पुलिस ने इस मामले में ४० वर्षीय कुंदन नेटके नामक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
उक्त घटना २८ जून की दोपहर की है। शिकायत में महिला ने बताया था कि वो तलोजा क्षेत्र के मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थी तभी रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया। आरोपी महिला का परिचित था, इसलिए उसने बातचीत के बहाने उसे कार में बैठने के लिए कहा। एफआईआर के अनुसार, कार में बैठते ही नेटके ने महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। महिला द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से अपनी कार से बंदूक निकाली और उसे धमकाया।
महिला किसी तरह मौके से निकलकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। तलोजा पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा ७५ (यौन उत्पीड़न) और धारा ३५१(२) (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।
नई मुंबई में एक और मामला,
ऑटोरिक्शा चालक गिरफ्तार
इसी दौरान नई मुंबई में महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक और मामला प्रकाश में आया था। पनवेल के विचुंबे इलाके में एक महिला के साथ ऑटोरिक्शा चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की पहचान रोहित गोपाल गाडे के रूप में हुई थी। शिकायत के अनुसार, पीड़िता अपनी मित्र के साथ पैदल जा रही थी, तभी पीछे से आरोपी की ऑटोरिक्शा ने उन्हें हल्के से टक्कर मारी। इस पर महिला ने आपत्ति जताई, जिसके बाद गाडे और महिला के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाडे वाहन से उतरा और महिला को जबरन खींचकर गलत तरीके से छूने लगा। इतना ही नहीं, उसने चाकू निकालकर महिला को धमकाया भी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा ७४ (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने हेतु हमला) और धारा ७५ (यौन उत्पीड़न) के तहत केस दर्ज किया गया था।
