मुख्यपृष्ठनए समाचारनेस्को म्यूजिक कॉन्सर्ट नशा कांड...३,५०० पन्नों की चार्जशीट दायर!

नेस्को म्यूजिक कॉन्सर्ट नशा कांड…३,५०० पन्नों की चार्जशीट दायर!

– मास्टरमाइंड फरार, सप्लायर लापता
-ड्रग डेथ केस में पुलिस की जांच अधूरी

सामना संवाददाता / मुंबई

गोरेगांव के नेस्को में म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में वनराई पुलिस ने ३,५०० पन्नों की चार्जशीट दायर की है। लेकिन इस पूरी कहानी के दो सबसे बड़े किरदार मास्टरमाइंड और ड्रग्स का मुख्य सप्लायर आज भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने कुल १३ में से १२ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है। इसमें करीब ११० गवाहों के नाम हैं। गवाहों में मृतक छात्रों के क्लासमेट, सिक्योरिटी गार्ड, इवेंट ऑर्गनाजर और कथित ड्रग पेडलर्स शामिल हैं। चार्जशीट में मास्टरमाइंड आयुष विक्की साहित्य और महेश खेमलानी का नाम भी शामिल है।
बता दें कि ११ अप्रैल को नेस्को एग्जीबिशन सेंटर में हुए टेक्नो म्यूजिक कॉन्सर्ट में ३,००० से ४,००० लोग शामिल हुए थे। दक्षिण मुंबई के एक मैनेजमेंट संस्थान के दो सेकंड ईयर एमबीए छात्र श्रेया राय (२४) और बिस्मत सिंह अमरजीत सिंह भसीन (२८) अपने दोस्तों के साथ इस कॉन्सर्ट में गए थे। कॉन्सर्ट के बाद दोनों की मौत हो गई थी। फोरेंसिक सायंस की टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दोनों के शरीर में एमडीएमए यानी एक्स्टसी पाया गया। इससे साफ हो गया कि छात्रों ने पार्टी ड्रग लिया था।
पुलिस ने पिछले हफ्ते ठाणे के उल्हासनगर के रहने वाले २३ वर्षीय दीपेश हेमवानी को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि विदेश से उसके घर पर एमडीएमए की गोलियां डिलीवर की गई थीं। दीपेश ५ दिन पुलिस कस्टडी में रहने के बाद अब ज्यूडिशियल कस्टडी में है।
८ आरोपी अभी भी कस्टडी में
नेस्को के दो कर्मचारियों को मुंबई हाई कोर्ट और लोकल कोर्ट ने १२ जून को जमानत दे दी। इससे पहले इवेंट ऑर्गनाइजर को भी मजिस्ट्रेट कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। बाकी ८ आरोपी अभी भी ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं।
चार्जशीट में १२ आरोपी, ११० गवाह
पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले में २ संदिग्ध अभी भी वॉन्टेड हैं। एक मास्टरमाइंड और दूसरा एमडीएमए गोलियों का मुख्य सप्लायर। अधिकारी मान रहे हैं कि जब तक सप्लाई चेन का सरगना नहीं पकड़ा जाता, तब तक जांच पूरी नहीं मानी जाएगी। ३,५०० पन्नों की चार्जशीट, ११० गवाह, १२ आरोपी। कागजों पर केस मजबूत है। लेकिन सवाल वही है, जिसने ड्रग्स लाकर स्टूडेंट्स की जान ली, वो अब तक पकड़ा नहीं गया।

 

अन्य समाचार