मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र में पाकिस्तान कनेक्शन से हड़कंप

महाराष्ट्र में पाकिस्तान कनेक्शन से हड़कंप

-‘ऑपरेशन मराठवाड़ा’ के तहत एटीएस की ताबड़तोड़ छापेमारी
-शहजाद भट्टी की सोशल मीडिया आईडी से कथित संपर्क की जांच तेज
-६ हिरासत में और १४ संदिग्ध जांच एजेंसी के रडार पर

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शुक्रवार को मराठवाड़ा में अब तक की सबसे बड़ी समन्वित कार्रवाई करते हुए छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जिले में एक साथ करीब १५० स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित डिजिटल संपर्क के इनपुट के आधार पर की गई। इस दौरान छत्रपति संभाजीनगर से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। एटीएस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र के कुछ युवक सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी से जुड़े एक कथित यूजर आईडी के संपर्क में थे। इसी इनपुट के आधार पर एजेंसी ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल, १४ संदिग्ध एटीएस की निगरानी में हैं और उनकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए छह लोगों से अज्ञात स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह संपर्क केवल सोशल मीडिया तक सीमित था या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की तैयारी चल रही थी। एटीएस की इस कार्रवाई के बाद पूरे मराठवाड़ा में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड में समानांतर जांच जारी है। एजेंसियां संदिग्धों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही हैं।

अन्य समाचार