मुख्यपृष्ठनए समाचारअब कोकाटे ने खेली ‘सियासी रम्मी’, हिली महायुति!..नंदूरबार में बोले-कल कौन कहां...

अब कोकाटे ने खेली ‘सियासी रम्मी’, हिली महायुति!..नंदूरबार में बोले-कल कौन कहां होगा, कोई नहीं जानता

सामना संवाददाता / मुंबई 

महायुति में मंत्री बनने के बाद से ही विवादों में रहे खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे ने एक बार फिर महायुति के भीतर चल रही राजनीतिक अस्थिरता पर कटाक्ष किया है। नंदूरबार जिले के रोलणमाल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कल कौन कहां होगा कोई नहीं जानता है। सरकार पांच साल के लिए होती है और उसके बाद लोग और विचार दोनों ही बदल जाते हैं। इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा के दो विधायकों के चेहरे मानों सफेद पड़ गए थे। दूसरी तरफ कोकाटे ने यह बयान देकर एक तरह से सियासी रम्मी खेलने का काम किया है। उनके इस बयान ने सत्ता के गलियारों में सन्नाटा और महायुति के भीतर कलह की अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है।
नंदूरबार जिले के तोरणमाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री माणिकराव कोकाटे ने राजनीतिक अस्थिरता पर चौंकानेवाली टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इसके द्वारा उन्होंने राजनीतिक भविष्य के प्रति अनिश्चितता व्यक्त की। इस कार्यक्रम में भाजपा विधायक डॉ. विजयकुमार गावित और राजेश पाडवी भी मौजूद थे। इस कारण उनके बयान को विशेष महत्व मिल रहा है। कोकाटे ने आगे कहा कि सरकार पांच साल के लिए होती है और उसके बाद लोग, पार्टियां और विचार बदल जाते हैं, क्योंकि बदलाव प्रकृति का नियम है। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में यह चर्चा शुरू कर दी है कि क्या महायुति में सब कुछ ठीक है।
पिछला विवाद भी हुआ ताजा 
गौरतलब है कि माणिकराव कोकाटे राज्य के कृषि मंत्री हुआ करते थे, लेकिन विधानसभा में रम्मी खेलते हुए उनका वीडियो वायरल हो गया था। साथ ही उन्होंने किसानों के बारे में विवादास्पद बयान दिए थे। इन सभी विवादों के बाद उन्हें कृषि मंत्रालय से हटाया गया था। हालांकि, उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर नहीं किया गया, बल्कि उनके विभाग में बदलाव किया गया। उन्हें खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई, जबकि उनका कृषि विभाग दत्तात्रेय भरणे को सौंपा गया था।

अन्य समाचार