– ईरान युद्ध, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति पर साधा निशाना
– मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए मांगे वोट
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोलते हुए उनके कामकाज और व्हाइट हाउस की सजावट पर कटाक्ष किया। ओबामा ने तंज कसते हुए कहा कि ट्रंप ने व्हाइट हाउस को ऐसा बना दिया है, मानो सद्दाम हुसैन ने चीजकेक फैक्ट्री खोल दी हो। ओहायो और मिशिगन में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए ओबामा ने ट्रंप प्रशासन पर अराजकता, क्रूरता, भ्रष्टाचार और अक्षमता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
ओबामा ने ट्रंप की नीतियों की आलोचना करते हुए ईरान के साथ युद्ध का मुद्दा भी उ’ाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसे युद्ध में उलझ गया है, जिसकी मांग किसी ने नहीं की थी। ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बाद तेल की कीमतों में तेजी और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने का मुद्दा भी चर्चा में है। ओबामा के मुताबिक, बीते दो वर्षों में अमेरिका ने ऐसे हालात देखे हैं, जिनकी आधुनिक दौर में मिसाल मिलना मुश्किल है।
सुनहरी सजावट और बॉलरूम पर भी निशाना
ओबामा ने वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन की निर्माण और सजावट संबंधी परियोजनाओं पर भी कटाक्ष किया। इनमें ओवल ऑफिस की सुनहरी सजावट, व्हाइट हाउस में प्रस्तावित विशाल बॉलरूम और नेशनल मॉल के रिफ्लेक्टिंग पूल से जुड़े काम शामिल हैं। ओबामा ने इन उदाहरणों के जरिए ट्रंप की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
चुनावी मैदान में डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए प्रचार
नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ओबामा डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। ओहायो के क्लीवलैंड में उन्होंने पूर्व डेमोक्रेटिक सीनेटर शेरोड ब्राउन के लिए वोट मांगे। ब्राउन का मुकाबला रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड से है। राज्य में गवर्नर पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन और रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी के बीच भी मुकाबला है।
इसके बाद ओबामा मिशिगन पहुंचे, जहां उन्होंने सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल एल-सैयद के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने मौजूदा डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन का भी उल्लेख किया और कहा कि एक मुस्लिम पुरुष तथा एक यहूदी महिला का सीनेट में साथ काम करना मिशिगन के लिए गर्व की बात होगी।
ओबामा ने मतदाताओं से जल्द मतदान करने की अपील की। डेमोक्रेटिक पार्टी इन चुनावों में अमेरिकी कांग्रेस के एक या दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है।
